आने से पहले, जाने के बाद योगी ने मेरठ के लिए खूब किया ट्वीट
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ट्विटर एकाउंट पर शुक्रवार को मेरठ छाया रहा। मेरठ आने से पहले उन्होंने ताबड़तोड़ कई ट्वीट किए। मेरठ से लौटने के बाद के कार्यक्रमों को भी साझा किया।
मेरठ, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ट्विटर एकाउंट पर शुक्रवार को मेरठ छाया रहा। मेरठ आने से पहले उन्होंने ताबड़तोड़ कई ट्वीट किए। मेरठ से लौटने के बाद के कार्यक्रमों को भी साझा किया।
मेरठ आने से पहले मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया कि-प्राचीन सिद्धपीठ बाबा औघड़नाथ व शहीद कोतवाल धन सिंह गुर्जर की पावन भूमि पर आने का सौभाग्य मिल रहा है। अगले ट्वीट में लिखा, भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने एक्सप्रेस वे बनाकर मेरठ- दिल्ली की यात्रा को चार घंटे से कम करके 40 मिनट कर दिया। सपा व बसपा बताएं उनके समय में यह क्यों नहीं हुआ। तीसरा ट्वीट था कि 'मेरठ अपने खेल उत्पादों के लिए प्रसिद्ध था, कितु सपा, बसपा, कांग्रेस की विकासद्रोही सरकारों ने इस विशिष्टता को जिले की पहचान नहीं बनने दिया, आज यहां मेजर ध्यानचंद खेल विवि स्थापित हो रहा है।' चौथे में लिखा- 'मेरठ जो पांच साल पहले मजहबी दंगों की आग में झुलसता था, कर्फ्यू के कारण लोग घरों में रहने को विवश होते थे। आज समृद्धि के नए मानक स्थापित हो रहे हैं। बेटियां सुरक्षित हैं.. रंगदारी मांगने वाले अब जान की भीख मांग रहे हैं।'
मेरठ से लौटने के बाद मुख्यमंत्री योगी ने मेरठ में घर-घर किए गए अपने संपर्क अभियान की वीडियो, मेरठ मेडिकल कालेज, हस्तिनापुर के कार्यक्रम की तस्वीरें भी अपलोड कीं। सीएम ने उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ नागरिक को अपना परिवार बताया। वीडियो में मेरठ में योगी-योगी के नारे लगाती और उमड़ी भीड़ को दिखाया गया है।
- - - - - - - - - - - - - - -