सुंदर मुंदरिये हो, तेरा कौन विचारा हो..
सुंदर मुंदरिये हो! तेरा कौन विचारा हो! दुल्ला भट्टी वाला हो! लोहड़ी पर्व का यह प्रमुख लोकगीत त्योहार मना रहे हर आमोखास की जुबान पर रहा।
मेरठ, जेएनएन। सुंदर मुंदरिये हो! तेरा कौन विचारा हो! दुल्ला भट्टी वाला हो! लोहड़ी पर्व का यह प्रमुख लोकगीत त्योहार मना रहे हर आमोखास की जुबान पर रहा। सर्द मौसम में बुधवार को लोहड़ी पर्व उमंग और उत्साह के साथ मनाया गया। शहर में जगह-जगह लोहड़ी प्रज्वलित की गई। गली-मोहल्लों में बुजुर्ग, युवाओं और महिलाओं ने एकत्रित होकर लोहड़ी जलाई। लोकगीत गाते हुए लोहड़ी के चारों ओर परिक्रमा कर मूंगफली, पापकार्न और रेवड़ी का भोग लगाया और प्रसाद बांटा।
घर में बेटे की शादी और बेटे के जन्म के बाद पहली लोहड़ी का विशेष महत्व है। अब लोग बेटी के जन्म के बाद भी पहली लोहड़ी धूमधाम से मनाते हैं। कई जगह नई दुल्हन और नवजात शिशु के लिए मनाई गई पहली लोहड़ी का उत्साह देखने को मिला। किसी ने नवजात बच्चे की पहली लोहड़ी होटल में दोस्तों और परिवार संग मनाई, तो किसी ने घर पर ही मनाना सुरक्षित समझा। लोहड़ी पर नई दुल्हन और नवजात शिशु को अग्नि का आशीर्वाद दिया जाता है, जिससे वह बुरी नजर से बचा रहे और उसके नए जीवन में खुशहाली आए।
भंगड़ा और गिद्दा डाला
पंजाबी संगठन की ओर से होटल 22बी में धूमधाम से लोहड़ी पर्व मनाया गया। युवाओं ने जमकर भंगड़ा और गिद्दा डाला। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष रमेश ढींगरा, प्रवीन सेठी, हेमंत चावला, लवनीश घई और अभिनव अरोड़ा मौजूद रहे। वहीं, पंजाबी आर्य भ्रातृ सभा की ओर से थापरनगर स्थित आर्य भवन में लोहड़ी पर्व उत्साह के साथ मनाया गया। लोहड़ी जलाकर लोगों ने अग्नि के चारों ओर घूमते हुए मूंगफली, रेवड़ी चढ़ाकर सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में प्रधान भानु बत्रा, उपमंत्री मनीष शर्मा और राजीव सोनी उपस्थित रहे।
होटल और रेस्तरां में परंपरागत रूप से स्वागत
लोहड़ी पर्व पर शहर के होटल और रेस्तरां में लोहड़ी थीम पर सजावट की गई। मुख्य द्वार पर जहां पारंपरिक पंजाबी थीम नजर आई, वहीं मेन्यू में भी पंजाबी जायका छाया रहा। वेटर ने पंजाबी परिधान में मेहमानों को खाना सर्व किया। गढ़ रोड स्थित होटल हारमनी इन के टेरेस पर लोहड़ी धूमधाम से मनाई गई। दिल्ली रोड स्थित होटल कंट्री-इन में पंजाब के गांव की प्रतिकृति देखने को मिली। वेटर ने पंजाबी ड्रेस में मेहमानों का स्वागत कर उन्हें खास पंजाब का खाना भी परोसा।