झमाझम बरसे बदरा..गर्मी से राहत, जलभराव से आफत
सरधना कस्बे में शुक्रवार को बादल घिरते ही झमाझम बारिश हो गई। जिससे नाले-नालियां चोक हो गए और गली-मोहल्ले सहित बाजारों में जलभराव हो गया। इसके चलते लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।
मेरठ, जेएनएन। सरधना कस्बे में शुक्रवार को बादल घिरते ही झमाझम बारिश हो गई। जिससे नाले-नालियां चोक हो गए और गली-मोहल्ले सहित बाजारों में जलभराव हो गया। इसके चलते लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। वहीं, नगर पालिका के अफसरों ने स्पष्ट किया कि बाजार में व्यापारियों के अस्थाई अतिक्रमण के चलते नालियों में सफाई नहीं हो पा रही है। जल्द ही अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा।
शुक्रवार सुबह से हल्की धूप थी। हालांकि, मौसम में नमी थी। करीब पौने बारह बजे अचानक बादल घिर गए और झमाझम बारिश हो गई। जिससे चर्च रोड, कालंद रोड, गंज बाजार, अशोक की लाट व रामलीला रोड पर करीब आधे घंटे में नालियां चोक होने से जलभराव हो गया। इसके चलते जहां एक तरफ लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। वहीं, स्कूली बच्चों को मुसीबतों का सामना करना पड़ा। कालंद रोड निवासी लोगों ने बताया कि यहां पर पहले नालियों का पानी जोहड़ में जाता था। आरोप है कि कुछ लोगों ने जोहड़ की जमीन पर कब्जा कर नींव भर दी है। अब आगे नाली नहीं होने से पानी सड़क पर भर जाता है। वहीं, नगर पालिका के लिपिक विपिन कुमार का कहना है कि बाजार में कुछ व्यापारियों ने अस्थाई अतिक्रमण कर रखा है। इसके चलते सफाई कर्मी नालियों की सफाई सही से नहीं कर पा रहे है। जल्द ही अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाने के बाद नालियों की सफाई करवाई जाएगी। उम्मीद है कि इसके बाद बाजारों में जलभराव नहीं होगा। सरधना व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज जैन ने बताया कि अगर गंज बाजार में व्यापारियों ने अस्थाई अतिक्रमण कर रखा है तो नगर पालिका के साथ मिलकर अतिक्रमण हटवाया जाएगा। आरोप लगाया कि नपा सफाई कर्मचारी नाले की सफाई नहीं करते है। कालंद रोड पर नाले के ऊपर कई फैक्ट्रियां बनी हैं। नपा की लापरवाही से वहां पर नाले चोक है। अब वह जोहड़ नहीं है।