अंत्योदय के 35 हजार लाभार्थियों को जल्द मिलेगा आयुष्मान का तोहफा Meerut News
जल्द ही आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत वंचित गरीबों को बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। अंत्योदय कार्डधारकों को भी इस योजना में कवर किया जाएगा।
मेरठ, [संतोष शुक्ल]। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत वंचित गरीबों को बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। अंत्योदय कार्डधारकों को भी इस योजना में कवर किया जाएगा। स्टेट हेल्थ कमेटी की मुख्य कार्यपालक अधिकारी संगीता सिंह ने जिलाधिकारी एवं सीएमओ को पत्र लिखकर कार्डधारकों का रिकार्ड मांगा है। जिले में 9229 परिवारों के करीब 35 हजार से ज्यादा सदस्यों को पांच लाख रुपये तक मुफ्त इलाज मिलेगा।
रिकॉर्ड हासिल करेगी टीम
केंद्र सरकार ने 25 सितंबर 2014 को दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय योजना शुरू की। शहरी एवं ग्रामीण गरीबों की आजीविका बढ़ाने के साथ ही जीवनस्तर सुधारने के प्रयास शुरू किए गए। सीएमओ डॉ. राजकुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन की टीम जल्द ही राशन डीलरों से मिलकर अंत्योदय कार्डधारकों का रिकार्ड हासिल करेगी। शासन की मंशा है कि अंत्योदय में शामिल वर्ग को आयुष्मान से जोड़कर बड़ी संख्या में गरीबों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा सकेगा।
नोटिफिकेशन जारी किया गया
प्रदेश सरकार इस विषय पर लंबे समय से होमवर्क कर रही थी। केंद्र संस्कार की संस्तुति के साथ शासन ने सभी जिलों को नोटिफिकेशन जारी कर दिया। अंत्योदय कार्डधारकों के घरों का सर्वे कर परिवार के सदस्यों का विवरण जुटाया जाएगा। आयुष्मान भारत की प्रथम सूची की तरह कोई चूक न हो, इसके लिए नई पद्धति अपनाई जाएगी। जिला आपूर्ति अधिकारी किशोर कुमार ने बताया कि मेरठ में 929 राशन डीलर हैं, जिनके पास संबंधित योजनाओं के लाभार्थियों की सूची है।
विवादों में भी रहा आयुष्मान
आयुष्मान योजना मेरठ में विवादों में फंसी रही, इसीलिए विभाग पूरी पड़ताल करेगा। पिछली बार 2011 की जनगणना के अनुसार सूची बनाई गई, जिसमें कई करोड़पति कारोबारी, बिल्डर व सरकारी अधिकारी शामिल कर लिए गए। झांसी में एक कार्ड पर परिवार के 196 सदस्यों को जोड़ा लिया गया। मेरठ में एक कार्ड पर बीस सदस्यों का नाम जोड़े जाने से शासन ने आयुष्मान मित्र पर एफआइआर दर्ज कराई। अस्पतालों पर फर्जी बिलिंग के भी आरोप लगे हैं।
ये है वर्तमान आंकड़ा
2.10 लाख कार्डधारक जिले में
1543 बीमारियां योजना में कवर होती हैं
61 अस्पताल पैनल में जुड़े हैं
अंत्योदय के जरिए करीब 35 हजार नए नाम सूची में जुड़ेंगे
इनका कहना है
आयुष्मान भारत योजना में अंत्योदय कार्डधारकों को शामिल करने का नोटिफिकेशन जारी हुआ है। डीलरों से मिलकर कार्डधारकों के घरों का सर्वे किया जाएगा। करीब 35 हजार नए नाम सूची में और जुड़ सकते हैं।
- डॉ. राजकुमार, सीएमओ