आशा कार्यकर्ता के पति का सीएचसी में हंगामा
आशा कार्यकर्ता को बुखार ज्यादा होने पर शनिवार को सीएचसी में भर्ती करवाया गया।
मेरठ,जेएनएन। आशा कार्यकर्ता को बुखार ज्यादा होने पर शनिवार को सीएचसी में भर्ती करवाया गया। इस दौैरान उसके पति ने आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बताया कि उनकी पत्नी बुखार होने के चलते पिछले दो दिन से सीएचसी प्रभारी से काम करने में असमर्थता जता रही थी। लेकिन, उन्होंने अवकाश की स्वीकृति नहीं दी। जब अस्पताल में भर्ती हो गई। तब जाकर अनुमति दी।
नवाबगढ़ी निवासी युसूफ ने बताया कि उनकी पत्नी शाईस्ता आशा कार्यकर्ता है। बीती 17 अक्टूबर से उन्हें बुखार हैं। लेकिन, फिर भी संचारी रोग अभियान में लगातार ड्यूटी कर रही थीं। शुक्रवार को ज्यादा तबियत खराब होने पर उन्होंने कार्य में असमर्थता बताकर पत्र दिया था। आरोप है कि सीएचसी प्रभारी ने स्वीकृति नहीं दी। साथ ही नाटक करने की बात कही। शनिवार को तबियत अधिक खराब हो गई और सीएचसी में भर्ती कराया गया। जिसके बाद सीएचसी प्रभारी ने भी अवकाश की स्वीकृति दे दी।
उधर, सीएचसी प्रभारी डा. अमित त्यागी ने बताया कि सभी आरोप बेबुनियाद हैं। शुक्रवार को मुझे कोई पत्र नहीं मिला था। शनिवार को मामला संज्ञान में आने पर डा. का पर्चा दिखाने को कहा था। जब उन्होंने पर्चा दिखाया तो स्वीकृति दे दी। अब वह पत्र सीएमओ कार्यालय भेज दिया जाएगा।
सड़क हादसे में युवक घायल : सरधना-बिनौली मार्ग पर शनिवार देर शाम कुत्ते से टकराकर बाइक सवार युवक घायल हो गया।
दिलशाद निवासी शाहजहापुर गांव बागपत शनिवार शाम मेरठ से घर लौट रहा था। जैसे ही वह खिवाई मोड़ पर पहुंचा तो अचानक बीच में कुत्ता आ गया। जिससे उसकी बाइक टकरा गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है।