Arvind Trivedi Died: 'राम' अरुण ने कहा था मैं मेरठ का हूं, 'रावण' अरविंद का सवाल-क्या आप अपने जीजा का ही वध करोगे?
Arvind Trivedi Died दैनिक जागरण से फोन पर वार्ता के दौरान राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल ने कहा कि अरविंद त्रिवेदी से उनकी काफी यादें जुड़ी हैं। पर्दे के रावण निजी जीवन में भले इंसान थे। ज्ञानी-गुणी थे। सरल और धार्मिक प्रवृति के व्यक्ति थे।
मेरठ, जागरण संवाददाता। Arvind Trivedi Died रामानंद सागर कृत रामायण में रावण का किरदार निभाने वाले अरविंद त्रिवेदी का लंबी बीमारी के बाद बुधवार को निधन हो गया। पर्दे से लेकर पुराण के रावण का मेरठ से भी जुड़ाव रहा है। यह संयोग ही है कि धारावाहिक में राम बने अरुण गोविल भी मेरठ के हैं। अरुण त्रिवेदी के निधन से रामायण सीरियल के राम अरुण गोविल भी दुखी हैं।
फोन पर यह बताया
दैनिक जागरण से फोन पर बातचीत में अरुण गोविल ने कहा कि अरविंद त्रिवेदी से उनकी काफी यादें जुड़ी हैं। उन्होंने कहा कि पर्दे के रावण निजी जीवन में भले इंसान थे। ज्ञानी-गुणी थे। सरल और धार्मिक प्रवृति के व्यक्ति थे। उन्होंने 'रावण' से सेट पर हुई पहली भेंट का जिक्र करते हुए कहा कि, मुलाकात और बातचीत के दौरान जब उन्हें पता चला कि मैं मेरठ से हूं तो अरविंद त्रिवेदी ने हंसते हुए पूछा था, क्या आप अपने जीजा का ही वध करोगे? मैं कुछ कहता, उससे पहले ही बोले- भई मेरठ तो रावण की ससुराल है न। इस लिहाज से मैं तो मेरठ का दामाद हुआ। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों पहले उनसे बात हुई थी। तबियत ठीक नहीं थी। बहुत-सी अच्छी यादें ही अब रह गई हैं। यह बहुत शोक का समय है।
रील के साथ रियल में भी मेरठ की ही मंदोदरी
रामायण सीरियल में रावण की पत्नी मंदोदरी का किरदार अपराजिता भूषण ने निभाया था। वह मेरठ की बेटी हैं। वह बैजू बावरा फिल्म के अभिनेता भारत भूषण की अपराजिता पुत्री हैं। फिलहाल वे मुंबई में हैं। यह भी एक संयोग ही है कि पौराणिक कथाओं में असली रावण की पत्नी मंदोदरी भी मेरठ की थीं। मेरठ को मय दानव ने बसाया था। मय दानव की पुत्री मंदोदरी थीं।