किसान महापंचायत में AAP की एंट्री, यूपी के मेरठ में 28 फरवरी को आ रहे हैं अरविंद केजरीवाल
किसान महापंचायत को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। रालोद के बाद कांग्रेस और अब आम आदमी पार्टी की किसान महापंचयात एंट्री होने वाली है। आप पार्टी मेरठ से किसान महापंचायत की शुरूआत करेगी। इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल शिरकत करेंगे।
मेरठ, जेएनएन। किसान महापंचायत को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। रालोद के बाद कांग्रेस और अब आम आदमी पार्टी की किसान महापंचयात एंट्री होने वाली है। आप पार्टी मेरठ से किसान महापंचायत की शुरूआत करेगी। इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल शिरकत करेंगे। आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि आप क्रांतिधरा मेरठ से किसान महापंचायत की शुरुआत करेगी। यह महापंचायत 28 फरवरी को होगी जिसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून का लागू होना किसानों के डेथ वारंट पर हस्ताक्षर हैं। लिहाजा इनका वापस होना आवश्यक है।
पहले दिन से ही किया कृषि कानूनों का विरोध: संजय सिंह
संजय सिंह ने सोमवार को अपार चेंबर में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। पत्रकारों से बातचीत में कहा कि आप ने पहले दिन से ही कृषि कानूनों का विरोध किया है। मेरठ क्रांति की धरती है, लिहाजा यहीं से किसान आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का नया बजट देश को बेचने वाला है।
सरकार रोजगार देने का दावा करती है जबकि सभी सरकारी संसाधनों को बेचकर रोजगार खत्म करने की तैयारी है। प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, किसान प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष महेश त्यागी, किसान मोर्चा के दिल्ली प्रभारी गजेंद्र सिंह, नवाब सोनी, अंकुश चौधरी मौजूद रहे। उधर, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह सोमवार को भारतीय किसान आंदोलन के अध्यक्ष कुलदीप त्यागी से मिले व विस्तार से चर्चा की।