ट्यूशन में डांट से क्षुब्ध छात्रा लापता
कक्षा पांच की दस वर्षीय छात्रा ट्यूशन से लौटने के बाद लापता हो गई। इससे कालोनी में हड़कंप मच गया।
मेरठ, जेएनएन। कक्षा पांच की दस वर्षीय छात्रा ट्यूशन से लौटने के बाद लापता हो गई। इससे कालोनी में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। करीब चार घंटे बाद छात्रा मां को रास्ते में मिल गई। एक कालोनी निवासी दस वर्षीय छात्रा कक्षा पांच में पढ़ती है। मंगलवार शाम वह चार बजे ट्यूशन पढ़ने गई थी। वहां से लौटकर घर पहुंच गई। उसी कालोनी में ही छात्रा के नाना रहते हैं। इसके बाद वह अपने माता-पिता से नाना के यहां जाने की बात कहते हुए साईकिल लेकर चली गई। करीब दो घंटे बाद जब वह किसी के पास नहीं लौटी तो स्वजनों ने पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है टयूशन में बच्ची को डांट पड़ी थी। पुलिस ने कालोनी के रास्तों पर सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इसमें वह अकेले साईकिल पर जाते हुए दिखाई पड़ी। रात साढ़े नौ बजे दधीचि स्कूल के सामने बच्ची अपनी मां को स्कूटी से तलाश करते हुए मिल गई। छात्रा ने रास्ता भटकने का कारण बताया। सकुशल मिलने पर पुलिस व स्वजनों ने राहत की सांस ली। इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार शर्मा का कहना है कि बच्ची अपने घर का रास्ता भटक गई थी।
बीए-एलएलबी के छात्र के निकले लुटेरे
पल्लवपुरम पुलिस ने मंगलवार रात चार दिन पूर्व हुई महिला के कुंडल लूट का राजफाश कर दिया है। पुलिस ने चार लुटेरे पकड़े हैं। ये सभी बीए और एलएलबी की पढ़ाई कर चुके हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से सोने के गहने, नगदी और एफजेड बाइक बरामद की है। थानाध्यक्ष दिग्विजय नाथ शाही ने बताया कि रुड़की रोड स्थित एक कालोनी निवासी महिला चार दिन पूर्व कुबेर स्कूल के पास गई थी। इसी बीच बाइक सवार बदमाशों ने रास्ता पूछने के बहाने महिला से बात की। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ये ये लोग कुंडल लूटकर फरार हो गए। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। पुलिस ने चेकिग में एफजेड बाइक को रोकने का इशारा किया। बाइक सवार भाग निकले। इसके बाद पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया। बदमाशों की पहचान साधुनगर कंकरखेड़ा निवासी शिव कुमार सिधु, रामनगर कंकरखेड़ा निवासी शिवम के रूप में हुई। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके साथी ब्रह्मपुरी निवासी वीरपाल वर्मा और इंद्रानगर ब्रह्मपुरी निवासी खेमचंद उर्फ कल्लू को भी गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से करीब डेढ़ लाख के गहने और 1500 रुपये बरामद हुए हैं।