अमित शाह शनिवार को आएंगे सहारनपुर, इन दो सीटों पर करेंगे जनसंपर्क, जानें गृहमंत्री का शेडयूल
UP Assembly Election 2022 गृहमंत्री अमित शाह कैराना के बाद मुजफ्फरनगर और उसके बाद 29 जनवरी को सहारनपुर की दो विधानसभा सीटों के लिए वोटरों से जनसंपर्क करेंगे। भाजपा के पदाधिकारियों ने अमित शाह के आने की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। देश के गृहमंत्री अमित शाह कैराना के बाद मुजफ्फरनगर और उसके बाद 29 जनवरी को सहारनपुर की दो विधानसभा सीटों के लिए वोटरों से जनसंपर्क करेंगे। भाजपा के पदाधिकारियों ने अमित शाह के आने की तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि अभी तारीख में बदलाव हो सकता है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने बताया कि देश के गृह मंत्री अमित शाह 29 जनवरी को पहले मुजफ्फरनगर की कुछ सीटों पर वोटरों के साथ जनसंपर्क करेंगे। उसके बाद सहारनपुर आएंगे। अभी तक के कार्यक्रम के अनुसार सहारनपुर की बेहट और सहारनपुर देहात सीट पर वह वोटरों से जनसंपर्क करेंगे
इस दौरान सहारनपुर जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। सूत्रों का कहना है कि अमित शाह कुछ अनुसूचित जाति के घरों में भी पहुंचकर भोजन करेंगे। हालांकि पूरा कार्यक्रम 28 जनवरी की शाम तक आने की संभावना है। अमित शाह माता शाकंभरी देवी के भी दर्शन कर सकते हैं। गौरतलब है कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी सहारनपुर आए थे और उन्होंने अनुसूचित जाति के लोगों के घरों में भोजन किया था।