यूपी चुनाव 2022: यूपी की इस सीट पर उलझा गठबंधन, दोनों पार्टी ने उतारे प्रत्याशी
UP Assembly Elections 2022 विधानसभा चुनाव में सदर सीट पर सपा-रालोद गठबंधन उलझता नजर आ रहा है। रालोद ने डा. नीरज चौधरी और सपा ने डा. रमेश तोमर को दिया टिकट। दोनों प्रत्याशी अपनी उम्मीदवारी पर अड़े असमंजस की स्थिति बनी।
बिजनौर, जागरण संवाददाता। विधानसभा चुनाव में सदर सीट पर सपा-रालोद गठबंधन उलझता नजर आ रहा है। गठबंधन में रालोद कोटे से घोषित किए गए उम्मीदवार डा. नीरज चौधरी के सामने सपा नेता डा. रमेश तोमर भी सपा से सिंबल ले आए हैं। अपनी-अपनी उम्मीदवारी पर कायम दोनों लोगों ने नामांकन पत्र भी ले लिए हैं। लोग हैरान हैं कि जब गठबंधन है तो दोनों ही पार्टियों ने अलग-अलग प्रत्याशियों को टिकट कैसे दे दिए।
सदर विधानसभा सीट शुरू से ही रालोद कोटे में मानी जा रही थी। यहां कई उम्मीदवार टिकट की लाइन में थे। गुरुवार को रालोद ने गठबंधन से डा. नीरज चौधरी को अपना सिंबल देकर उम्मीदवार घोषित कर किया। रालोद के ट्विवटर हैंडल से इसकी घोषणा की गई। इसी बीच रात होते-होते सपा नेता डा. रमेश तोमर ने भी सदर सीट पर सपा कोटे से गठबंधन का सिंबल मिलने का दावा कर दिया।
शुक्रवार को डा. रमेश तोमर ने प्रेस कांफ्रेंस में सिंबल दिखाते हुए कहा कि उन्हें सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने टिकट देकर भेजा है। वह जनता के सहयोग से चुनाव मैदान में उतर गए हैं।
वहीं, रालोद कोटे से घोषित गठबंधन प्रत्याशी वरिष्ठ फिजीशियन डा. नीरज चौधरी ने भी प्रेस कांफ्रेंस में स्पष्ट किया कि वह रालोद कोटे से गठबंधन प्रत्याशी हैं, उन्हें पार्टी हाईकमान ने टिकट दिया है।
इन्होंने बताया...
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौ. जयंत सिंह ने रालोद-सपा गठबंधन से डा. नीरज चौधरी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया है। यह शीर्ष नेताओं के स्तर का मामला है। दोनों दलों के नेताओं में कोई मतभेद नहीं हैं। हालांकि, गठबंधन से एक ही प्रत्याशी चुनाव लड़ेगा।
-अली अदनान, जिलाध्यक्ष रालोद
डा. रमेश तोमर को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से सिंबल मिला है। उसी के आधार पर कार्यकर्ता चुनाव लड़ाने की तैयारी कर रहे हैं। पूरे मामले से शीर्ष नेताओं को अवगत करा दिया है। हाईकमान का जो निर्देश होगा, उसे माना जाएगा।
- राशिद हुसैन, जिलाध्यक्ष सपा