मेरठ में सामूहिक दुष्कर्म : सुलह के नाम पर पंचायत ने करा दिया निकाह, अब दोस्त बना रहे संबंध बनाने का दवाब
भावनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। सुलह के नाम पर पंचायत ने आरोपित का निकाह पीड़िता से करा दिया था। अब सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित पीड़िता पर शारीरिक संबंध बनाने का दवाब बना रहे है।
मेरठ, जेएनएन। भावनपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। सुलह के नाम पर पंचायत ने आरोपित का निकाह पीड़िता से करा दिया था। अब सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित पीड़िता पर शारीरिक संबंध बनाने का दवाब बना रहे है। पीड़िता ने पुलिस आफिस में मामले की शिकायत की है।
ग्राम निवासी युवती स्नातक की पढ़ाई कर रही थी। बीते फरवरी माह में कॉलेज जाते समय तीन युवकों ने पीड़िता को सेंट्रों कार में जबरन बैठा लिया था। उसके बाद आरोपितों ने छात्रा को जंगल ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया था। विरोध करने पर आरोपित छात्रा को जान से मारने की धमकी देते हुए वहीं छोड़कर फरार हो गए थे। पीड़िता ने घटना की जानकारी तत्काल स्वजनों को दी थी।
पंचायत ने आरोपित से कराई निकाह
पंचायत ने पीड़िता का निकाह सामूहिक दुष्कर्म के एक आरोपित से करा दिया था। निकाह के बाद पीड़िता ससुराल में रहने लगी। आरोप है कि सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने वाले आरोपित पीड़िता से जबरन शारीरिक संबंध बनाने का दवाब बना रहे हैं। पीड़िता ने विरोध किया तो उसके पति ने उसे घर से निकाल कर भगा दिया। थाने स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता ने सोमवार को पुलिस आफिस पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई है।
सीओ सदर ने न्याय का दिया भरोसा
फरवरी माह में दोनों का निकाह हुआ था। निकाह नामा थाने में जमा है। पीड़तिा की शिकायत पर पति और उसके दोस्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। फरवरी माह में दुष्कर्म के आरोपों की जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। -बृजेश कुमार, सीओ सदर देहात