स्वच्छता अभियान के पहले ही दिन चला कार्रवाई का चाबुक
नगर आयुक्त ने शुक्रवार को एक कार्यवाहक सफाई नायक को निलंबित कर दिया और 35 आउटसोर्सिग कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी। इससे नगर निगम में खलबली मच गई है।
जेएनएन, मेरठ। नगर आयुक्त ने शुक्रवार को एक कार्यवाहक सफाई नायक को निलंबित कर दिया और 35 आउटसोर्सिग कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी। इससे नगर निगम में खलबली मच गई है।
शुक्रवार को नोडल अधिकारी पी गुरुप्रसाद के निरीक्षण के दौरान वार्ड 30 देवनगर और भरत विहार के लोगों ने सफाई न होने की शिकायत की थी। इसका संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त डॉ. अरविद चौरसिया ने देर शाम कार्यवाहक सफाई नायक विश्वनाथ को निलंबित कर दिया। वहीं, गत दिनों ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए 31 आउटसोर्सिग सफाईकर्मियों की सेवा समाप्त कर दी। ये सफाईकर्मी वार्ड संख्या 32, 80, 74 और 25 में तैनात थे। गत दिनों विश्वविद्यालय मार्ग पर नगर आयुक्त के निरीक्षण में सूरजकुंड वाहन डिपो के चार आउटसोर्सिग चालक डोर-टू-डोर कूड़ा गाड़ी पेड़ के नीचे लगाए पाए गए थे। इनकी भी सेवा समाप्त कर दी गई है।
फॉगिग, सैनिटाइजेशन और सफाई पर जोर
जेएनएन, मेरठ। शुक्रवार से विशेष स्वच्छता अभियान का आगाज हो गया है। पहले दिन नगर निगम क्षेत्र में सुबह शहर में सफाई और सैनिटाइजेशन कराया गया। शाम को कई वार्डो में फागिग कराई गई।
नोडल अधिकारी से बोले लोग, आपके आने पर हुई है सफाई
जेएनएन, मेरठ। साहब आज आप डीएम और अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण करने आए हैं, इसलिए ही वार्ड में साफ-सफाई कराई गई है। सामान्य दिनों में सफाई कर्मचारी दो से तीन दिन में आते हैं। डोर-टू-डोर गाड़ी न आने के कारण कई दिनों का कूड़ा घर में ही पड़ रहता है। यह बातें मोदीपुरम के लोगों ने नोडल अधिकारी पी. गुरु प्रसाद से क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान कहीं। जिले के नोडल अधिकारी पी गुरु प्रसाद शुक्रवार को डीएम अनिल ढींगरा, नगरायुक्त अरविद चौरसिया, नगर मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार सिंह समेत अन्य नगर निगम के अफसरों संग साफ सफाई का निरीक्षण करने सबसे पहले कंकरखेड़ा के शिवचौक पहुंचे। वहां से आंबेडकर गेट के रास्ते रामनगर में गली और सड़कों की साफ-सफाई देखी और लोगों से फीडबैक लिया। बद्रीशपुरम में कोविड-19 कैंप का निरीक्षण किया। घर-घर सर्वे अभियान में जुटे कर्मियों से जानकारी ली। देवनगर कालोनी वालों ने कहा कि सफाईकर्मी एक हफ्तों में आते हैं। इस दौरान डा. पीपी सिंह, डा. अशोक तालियान, नगर स्वास्थ्य अधिकारी गजेंद्र सिंह मौजूद थे।