दोनों हाथ कटे दिव्यांग पर दुष्कर्म का आरोप, हैरत में पुलिस, पीड़िता का मेडिकल से इंकार
जिस युवक के दोनो हाथ नहीं है उस पर एक नाबालिग लड़की के चचेरे भाई ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। जबकि आरोपित चिल्ला-चिल्लाकर बोल रहा है कि वह दुष्कर्म नहीं कर सकता। पीड़िता ने मेडिकल के लिए कर दिया है इन्कार।
बुलंदशहर, जेएनएन। सलेमपुर थानाक्षेत्र के एक गांव का ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। जिस युवक के दोनो हाथ नहीं है, उस पर एक नाबालिग लड़की के चचेरे भाई ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। जबकि आरोपित चिल्ला-चिल्लाकर बोल रहा है कि वह दुष्कर्म नहीं कर सकता। हाथ नहीं होने के कारण वह किसी के साथ भी जबरदस्ती नहीं कर सकता। हालांकि पुलिस ने आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया है। जांच की जा रही है। जांच के बाद ही उसे जेल भेजा जाएगा।
यह है मामला
दरअसल, बुधवार की शाम सलेमपुर थाना प्रभारी प्रताप बालियान को सूचना दी गई कि गांव में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म हो गया है। जिसके बाद वह मौके पर पहुंचे। परिजनों ने जिस युवक पर आरोप लगाया। उस युवक के घर दबिश दी गई। आरोपित अपने घर पर मिल गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इस दौरान पाया कि युवक के दोनो हाथ कटे हुए हैं। दिव्यांग होने के कारण पुलिस को भी विश्वास नहीं हो रहा है कि युवक दुष्कर्म जैसी घटना कर सकता है। वह खुद के हाथों से ठीक से कपड़े तक नहीं पहन सकता है। बावजूद इसके उस पर दुष्कर्म जैसे संगीन अपराध का आरोप लगा है। पुलिस इस मामले में पूरी गहनता से जांच कर रही है। सलेमपुर थाना प्रभारी प्रताप बालियान ने बताया कि फिलहाल दिव्यांग युवक किशन पुत्र गोपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लड़की ने मेडिकल के लिए किया इन्कार
सलेमपुर थाना प्रभारी प्रताप बालियान ने बताया कि वह लड़की का मेडिकल कराने के लिए उसके घर पहुंचे, लेकिन लड़की ने मेडिकल कराने के लिए इन्कार कर दिया। जबरन पुलिस लड़की को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां आने के बाद लड़की ने साफ इन्कार कर दिया। पुलिस के समझाने पर अब लड़की का शुक्रवार की सुबह जिला अस्पताल में मेडिकल होगा।
इन्होंने बताया
यह पूरा मामला मेरे संज्ञान में है। पहले लड़की ने मेडिकल के लिए मना कर दिया था। जब उसके परिजनों से कहा गया कि मेडिकल नहीं कराएगी तो युवक को जेल नहीं भेजा जाएगा। जिसके बाद वह मेडिकल के लिए तैयार हुई है। आरोपित हाथों से दिव्यांग है। इसलिए घटना संदिग्ध है।
- संतोष कुमार सिंह, एसएसपी