खिलाड़ी से दुष्कर्म का आरोपित जेल भेजा
नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपित पुलकित सैनी को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया।
मेरठ,जेएनएन। ताइक्वांडो खिलाड़ी से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने रविवार को आरोपित को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया। पीड़िता की तबीयत खराब होने की वजह से बयान नहीं हो सके। अभी वह अस्पताल में भर्ती है। उधर, सुबूत नष्ट करने और धोखाधड़ी की धाराओं में भी आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात के दौरान आरोपित अकेला ही था।
टीपीनगर थाना क्षेत्र निवासी व्यापारी की नाबालिग बेटी ताइक्वांडो सीखने जाती है। प्रेमपुरी निवासी पुलकित सैनी भी ताइक्वांडो सीखने के लिए जाता है। दोनों में जान-पहचान थी। शुक्रवार शाम छात्रा ताइक्वांडो क्लास के लिए घर से स्कूटी पर निकली थी, लेकिन पुलकित ने उसे धोखे से अपनी कार में बैठा लिया। बागपत रोड स्थित एक कालोनी की सुनसान गली में कार खड़ी कर उसके साथ दुष्कर्म किया। घर पहुंचने पर जब उसकी हालत बिगड़ी तब स्वजन ने अस्पताल में भर्ती कराया। सीओ ब्रह्मपुरी अमित राय ने बताया कि पीड़िता की स्थिति सामान्य होने पर उसके बयान दर्ज कराए जाएंगे।
दो मुकदमे और दर्ज
पुलकित बेहद शातिर है। उसने पीड़िता को डरा-धमकाकर घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। उसने सुबूत नष्ट करने का भी प्रयास किया। सीओ ने बताया कि आरोपित ने कार को धुलवा दिया था। फोरेंसिक जांच में टीम को कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। उसका गो रक्षा समिति और भाजपा से कोई संबंध नहीं निकला। इसलिए उसके खिलाफ दुष्कर्म व पाक्सो के अलावा सुबूत नष्ट करने और धोखाखड़ी का भी मुकदमा दर्ज कर लिया है।