बागपत: चीनी मिल में ट्रक के नीचे आने से मजदूर की दर्दनाक मौत, आधी रात को हुआ हादसा
मलकपुर चीनी मिल में आधी रात को गन्ने से भरे ट्रक के नीचे आने से मजदूर की मौत हो गई। मजदूर ने हादसा स्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मजदूर के स्वजन को जानकारी दे दी है। जिसके बाद स्वजन में कोहराम मच गया।
बागपत, जेएनएन। मलकपुर चीनी मिल में आधी रात को गन्ने से भरे ट्रक के नीचे आने से मजदूर की मौत हो गई। मजदूर ने हादसा स्थल पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मजदूर के स्वजन को जानकारी दे दी है। कोतवाल अजय कुमार शर्मा ने बताया कि मरने वाला कासगंज जनपद के थाना सघन गढ़ी गांव देवकली का रहने वाला लगभग 30 वर्षीय साधु पुत्र प्रीतम था, जो मलकपुर चीनी मिल में ठेके पर गन्ना केन के पास से जमीन पर पड़े गन्नों को हटाकर चेन में डालने का काम करता था।
रात लगभग 1.30 बजे साधु को नींद आ गई, जिसके बाद वह गन्ना चेन के नजदीक तौल कांटे के पास जमीन पर ही सो गया। इसी दौरान गन्ने से लदा ट्रक आया और आगे पीछे करने के दौरान पहिए के नीचे साधु आ गया। जबतक उसे बचाने का प्रयास किया जाता, तबतक उसकी मौत हो गई। कर्मचारियों ने इसकी जानकारी चीनी मिल अधिकारियों को देने के साथ पुलिस को दी। मलकपुर लोयन पुलिस चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और आरोपित चालक को हिरासत में ले लिया, ट्रक को अपने कब्जे में लेकर चीनी मिल में ही खड़ा करवा दिया। इस हादसे की जानकारी साधु के स्वजन को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के जानकारी देनें के बाद मजदूर साधु के घर पर कोहराम मच गया। परिजन मौके पर घटना स्थल पहुंचे जहां से उन्हे पोस्टमार्टम हाउस के लिए भेज दिया गया। इधर, चालक को पकड़कर पुलिस थाने लेकर आई है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है। परिजनों ने खबर लिखे जाने तक मुआवजे की मांग नहीं की थी।