मुजफ्फरनगर में नामांकन निरस्त करने पर प्रत्याशी ने की आत्मदाह की कोशिश, पढ़ें पूरा मामला
UP Vidhan Sabha Chunav 2022 मुजफ्फरनगर में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार का नामांकन प्रशासन ने बगैर कारण निरस्त कर दिया। इससे आजिज होकर प्रत्याशी जोगिंदर सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह करने की कोशिश की। यहां पर काफी देरतक हंगामा होता रहा।
मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। मुजफ्फरनगर जिले के मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी जोगिंदर सिंह का नामांकन प्रशासन ने सोमवार को निरस्त कर दिया है। जोगिंदर सिंह ने कलेक्ट्रेट में आत्मदाह करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उनसे तेल का कैन छीन लिया। इस दौरान यहां पर काफी देर अफरातफरी का माहौल बना रहा। वहीं जोगिंदर सिंह ने बताया कि वह आर्मी में सूबेदार मेजर रहे हैं। रिटायर होने के बाद जनता की सेवा में लगे हैं।
कारण भी नहीं बताया गया
आम आदमी पार्टी से नामांकन दाखिल किया था, लेकिन प्रशासन ने बगैर कारण बताएं नामांकन निरस्त कर दिया। इसका कारण पूछा तो कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन दबाव में कार्य कर रहा है या फिर तानाशाही दिखा रहा है। अधिकारियों का अनुचित कृत्य का विरोध किया जाएगा। उन्होंने बताया कि डीएम चंद्र भूषण सिंह से भी इस बारे में बात की गई है। नामांकन पत्र की दोबारा जांच की मांग की है।
इसके बाद जोगिंदर सिंह ने कलेक्ट्रेट में अपने ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने बड़ी मुश्किल से उनसे तेल से भरी कैन छीनी। इस दौरान कचहरी में जमकर हंगामा हुआ। प्रत्याशी ने आरोप लगाया कि उन्हें पर्चा निरस्त होने का स्पष्ट कारण नहीं बताया जा रहा है। प्रशासन मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए।
सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी गुलाम मोहम्मद के पर्चे पर आपत्ति
मेरठ : सिवालखास सीट से सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी गुलाम मोहम्मद के पर्चे पर आपत्ति। अपने ऊपर के बकाए की जानकारी न देने का आरोप। घंटेभर का समय दिया गया ताकि गुलाम इन आरोपों से आजाद हो सकें।