सहारनपुर में 50 लाख की स्मैक के साथ एक नशा तस्कर गिरफ्तार
गंगोह थाना पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से आधा किलो स्मैक बरामद हुई है। दावा किया जा रहा है कि इस स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में 50 रुपये कीमत है। एसपी देहात ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता कर दी जानकारी।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। गंगोह थाना पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से आधा किलो स्मैक बरामद हुई है। दावा किया जा रहा है कि इस स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में 50 रुपये कीमत है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया है।
यह है मामला
पुलिस लाइन के सभागार में प्रेसवार्ता के दौरान एसपी देहात अतुल शर्मा ने बताया कि गंगोह थाना प्रभारी प्रविंद्र पाल सिंह शनिवार की देर रात पुलिस टीम के साथ मोहनपुरा गांव के जंगल में गश्त पर थे। उसी समय एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस को शक हुआ तो उसे हिरासत में ले लिया गया। उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से 505 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम शाकिब पुत्र इमरान निवासी मैनपुरा उर्फ मोहनपुरा थाना गंगोह बताया।
आरोपित ने बताया कि वह काफी समय से नशा तस्करी कर रहा है। वह बरेली से नशा खरीदकर लाता है और उसके बाद सहारनपुर, पानीपत, यमुनानगर सप्लाई करता है। आरोपित ने अपने साथ काम करने वाले कई नशा तस्करों के नाम पुलिस को बताए हैं। जिन्हें पुलिस ने अभी सार्वजनिक नहीं किया है। जल्द ही इन आरोपितों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।