Illegal Kerosene: मेरठ में अवैध केरोसिन के 70 हजार लीटर का अब होगा निस्तारण Meerut News
मेरठ शहर में पिछले साल सितंबर में 70 हजार लीटर का जो अवैध स्टाक पकड़ा गया था अब उसका निस्तारण जल्द हो जाएगा। एडीएम सिटी ने इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी एवं जांच अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। क्योंकि अब इस केरोसिन का निस्तारण किया जाएगा।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ शहर में पिछले साल सितंबर में 70 हजार लीटर का जो अवैध स्टाक पकड़ा गया था अब उसका निस्तारण जल्द हो जाएगा। एडीएम सिटी ने इस संबंध में जिला पूर्ति अधिकारी एवं जांच अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। पिछले साल सितंबर में अवैध केरोसिन व मिलावटी डीजल पेट्रोल की जांच हो रही थी उसी दौरान एडीएम सिटी अजय तिवारी के नेतृत्व में कुंडा गांव के पास रतिराम खूबचंद के डिपो पर छापेमारी की थी। उस डिपो में करीब 70 हजार लीटर केरोसिन का अवैध स्टॉक पाया गया था। उस मामले में रतिराम खूबचंद की डीलरशिप रद्द कर दी गई थी।
उसके केरोसीन को बाहर नहीं निकाला गया है। उसकी निगरानी के लिए प्रतिदिन एक मजिस्ट्रेट और दो सिपाही की तैनाती सुनिश्चित की जाती है। यही नहीं इन अधिकारियों की शिफ्ट भी होती है। ऐसे में सरकार का खर्च भी बढ़ रहा है और केरोसिन का उपयोग भी नहीं हो पा रहा है। गौरतलब है कि मेरठ जिले को अब केरोसिन मुक्त कर दिया गया है ऐसे में अब तेल कंपनियों से केरोसिन भी नहीं मंगवाया जाता है।
अब देखना यह है कि एडीएम सिटी रिपोर्ट लेने के बाद इस तेल का क्या करते हैं। इसे नीलाम किया जाता है या फिर इसे किसी की सुपुर्दगी में दिया जाएगा। या फिर इसे नष्ट किया जाएगा। अवैध तेल कारोबार में छाया रहा मेरठ पिछले साल कई पेट्रोल पंपों पर छापेमारी हुई। कई स्थानों पर नकली डीजल बनाने का पर्दाफाश हुआ तो वहीं केरोसिन का अवैध स्टॉक पकड़ा गया। इस मामले में मेरठ पूरे प्रदेश में छाया रहा। इंटरनेट मीडिया से लेकर हर जगह इसकी चर्चा रही। इस प्रकरण ने मेरठ को बहुत बदनाम करवाया।