50 किलो पॉलीथिन जब्त 39 हजार रुपये का जुर्माना
शहर में प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ अभियान जोर पकड़ रहा है।
जेएनएन,मेरठ। शहर में प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ अभियान जोर पकड़ रहा है। बुधवार को नगर निगम के प्रवर्तन दल ने शास्त्रीनगर में अभियान चलाकर 50 किलो पॉलीथिन जब्त की, जबकि 39 हजार रुपये जुर्माना वसूला।
सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट शक्ति सिंह मलिक के नेतृत्व में प्रवर्तन दल व राजस्व निरीक्षक योगेश चौहान ने शास्त्री नगर सेक्टर तीन, सात और 11 में तीन दर्जन से ज्यादा दुकानों पर प्रतिबंधित पॉलीथिन की छानबीन की। प्रवर्तन दल ने मुकेश डेयरी, न्यू इंडिया डेरी पर बड़ी मात्रा में पॉलीथिन जब्त की और दोनों पर अलग-अलग 10 हजार जुर्माना लगाया। काफी देर तक विरोध में बाद जुर्माने की राशि वसूली। इसके बाद डिलीशियस बेकर्स से बड़ी मात्रा में पॉलिथिन जब्त कर 5 हजार का जुर्माना लगाया। यहां पर भी आधे घंटे तक व्यापारी हंगामा करते रहे। इसी तरह अन्य दुकानों से पॉलीथिन जब्त कर 14000 रुपए जुर्माना वसूला।
हवा में उछली कार खाई में गिरी, बाल-बाल बचे लोग
जेएनएन,मेरठ। मवाना निवासी अनस बुधवार को दोपहर बाद अपने दोस्त सावेज के साथ स्विप्ट डिजायर कार से मुजफ्फरनगर के गांव जौला रिश्तेदारी में जा रहा था। कार सावेज चला रहा था। कार भूनी चौराहे पर पहुंची तो सरधना की ओर से आ रही वैगनआर कार चालक नियंत्रण खो बैठा। दोनों कारों की जोरदार भिड़ंत हो गई और कार उछल कर हाईवे के किनारे गहरी खाई में जा गिरी। वहीं दूसरी कार भी सड़क पर पलटी खाते हुए डिवाइडर पार कर दूसरी साइड़ में जा पलटी। हादसे में कार सवारों को मामूली चोट आई। उन्हें उपचार के बाद भेज दिया गया। वहीं, इंस्पेक्टर अरविद कुमार ने बताया कि हादसे रोकने के लिए स्पीड ब्रेकर बनवाने के लिए अधिकारियों से बात की जाएगी।