Lockdown 3.0: जनपद के 42 उद्योगों को मिली संचालन की अनुमति, जानिए क्या-क्या हैं इनमें शामिल Meerut News
उद्योग संचालन को लेकर प्रदेश सरकार के नए निर्देशों का पालन करने के लिए जिला स्तरीय समिति ने ग्रामीण क्षेत्र के 11 और शहरी क्षेत्र में 31 उद्योगों को संचालन की अनुमति दे दी।
मेरठ, जेएनएन। Lockdown 3.0 उद्योग संचालन को लेकर प्रदेश सरकार के नए निर्देशों का पालन करने के लिए जिला स्तरीय समिति ने गुरुवार को ग्रामीण क्षेत्र के 11 और शहरी क्षेत्र में 31 उद्योगों को संचालन की अनुमति दे दी। इनमें 16 इकाइयां एक्सपोर्ट की हैं, जबकि छह इकाइयां निरंतर प्रक्रिया वाली और नौ दवा बनाने वाली फैक्ट्रियां हैं। कंटेनमेंट जोन के चलते शहरों में उद्योगों को अनुमति नहीं दी गई है।
गाइडलाइन जारी
लॉकडाउन-3 में प्रदेश सरकार ने रेड, आरेंज और ग्रीन जोन में शामिल जनपदों में उद्योग संचालन के लिए गाइडलाइन जारी की थी। इसमें रेड जोन में शामिल जनपदों के संक्रमण रहित ग्रामीण क्षेत्रों में उद्योगों को संचालन की अनुमति दी गई थी। इसके लिए जिला प्रशासन से अनुमति लेने की बाध्यता थी। अगले ही दिन सरकार ने डीएम को स्वघोषणापत्र सौंपकर उद्योग संचालित करने तथा श्रमिकों के लिए भी पास की बाध्यता को समाप्त कर दिया था। एक्सपोर्ट इकाईयों तथा मोबाइल आदि इलेक्ट्रानिक उपकरणों के उत्पादन से जुड़ी इकाईयों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया था।
शहर में नहीं दी गई अनुमति
जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में तो उद्योग चलाने की अनुमति दी लेकिन शहर को कंटेनमेंट जोन बताते हुए अनुमति से इनकार कर दिया। सरकार के नए निर्देश पर गुरुवार को समिति अध्यक्ष सीडीओ ईशा दुहन ने सचिव उप आयुक्त उद्योग वी के कौशल, एडीएम सिटी अजय तिवारी, एडीएम प्रशासन रामचंद्र, उप आयुक्त श्रम तथा एक्सईएन पीडब्ल्यूडी की उपस्थिति में चर्चा की। उप आयुक्त उद्योग वी के कौशल द्वारा जारी बैठक के कार्यवृत में बताया गया है कि 81 उद्योगों के आवेदनों पर विचार किया गया। ग्रामीण क्षेत्र में स्थित 11 इकाईयों को संचालन की अनुमति दे दी गई।