सहारनपुर में 388 मिले नए कोरोना पाजिटिव, सक्रिय केसों की संख्या बढ़कर 1994 हुई
सहारनपुर में कोरोना की तीसरी लहर में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। रोजाना 200 से 300 के बीच में कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 1994 हुई। 48 हजार 400 लोगों को टीका लगाने का था लक्ष्य।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। जिले में कोरोना की तीसरी लहर में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। रोजाना 200 से 300 के बीच में कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। बावजूद इसके कुछ लोग नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। मंगलवार को भी 388 कोरोना संक्रमित मिले हैं। अब कोरोना संक्रमित की संख्या बढ़कर 1994 हो गई है। हालांकि लोग टीका भी रोजाना लगवा रहे हैं।
मंगलवार को भी 37 हजार एक लोगों ने कोरोनारोधी टीका लगवाया है। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि जिले में कोरोना के केस की संख्या बढ़ रही है। इसलिए लोगों को नियमों का पालन करना चाहिए। कुछ लोग अभी भी लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे लोग खुद के लिए तो खतरा है ही, साथ ही दूसरों के लिए भी खतरा बन रहे हैं। उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। विदेशों से आने वालों की आमिक्रान जांच की जा रही है। इसके अलावा जिले में रोजाना पांच हजार लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। जिस कारण मरीजों की संख्या अधिक आ रही है। डीएम ने जिले के लोगों से अपील की है कि लोग भीड़ में जाने से बचे। शारीरिक दूरी का पालन करें। बिना मास्क के अपने घर से बाहर न निकले। वहीं, डीएम ने टीकों की संख्या बढ़ाने के लिए मुस्लिम धर्म गुरुओं के साथ बैठक की। ताकि हर मस्जिद पर टीका लगाया जा सके।
421 केंद्रों पर चला टीकाकरण अभियान
जिला टीकाकरण अधिकारी सुनील वर्मा ने बताया कि मंगलवार को जिले में 421 केंद्र टीकाकरण के लिए बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 37 हजार एक लोगों ने टीका लगवाया। जबकि लक्ष्य 48 हजार 400 लोगों को लगाने का था। बता दें कि 283 लोगों ने बूस्टर डोज लगवाया। वहीं, 3299 किशोरों ने भी टीका लगवाया है। आज लगाए गए कुल टीकों की संख्या : 37001 अब तक लगाए गए टीकों की संख्या : 3637735