जिला पंचायत में हुए 34 के स्थान पर 33 वार्ड
त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों से पूर्व हुए आंशिक परिसीमन के बाद जिला पंचायत वार्डो की संख्या एक कम हो गई है।
मेरठ, जेएनएन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों से पूर्व हुए आंशिक परिसीमन के बाद जिला पंचायत वार्डो की संख्या एक कम हो गई है। आगामी चुनावों में अब जिले में 34 के स्थान पर 33 वार्ड ही रह गए हैं। दो नयी नगर पंचायत बनने के कारण एक वार्ड समाप्त हो गया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव पिछली बार वर्ष-15 में हुए थे। चुनाव के बाद वर्ष-17 में जिले में तीन नयी नगर पंचायतें बनीं। इनमें हर्रा, खिवाई व शाहजहांपुर शामिल है। पिछले पंचायत चुनावों में जिला पंचायत के कुल 34 वार्ड होने से 34 ही सदस्य चुने गए थे। हर्रा व खिवाई के नगर पंचायत बन जाने से ग्रामीण आबादी कम हो गई है। इसमें हर्रा की आबादी करीब 18,491 व खिवाई की 20,185 कम हो गई है। इसके चलते वार्ड-13 समाप्त हो गया है। एक वार्ड के लिए औसत करीब 50 हजार की आबादी होनी चाहिए। जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय ने आंशिक परिसीमन के उपरांत प्रस्तावित वार्डो की सूची जारी कर दी है। इसमें आगामी चुनाव के लिए 34 की बजाय 33 वार्ड प्रस्तावित किए गए हैं। उधर, जिले में एक वार्ड के कम होने से जिला पंचायत अध्यक्ष के पूरे चुनाव का गणित ही बदल जाएगा। प्रत्येक वार्ड से चुने गए जिला पंचायत सदस्य ही जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव करते हैं। वहीं, वार्डो के आंशिक परिसीमन के उपरांत आगामी 26 दिसंबर तक आपत्ति मांगी है। आंशिक परिसीमन में जिला पंचायत के एक वार्ड के कम होने के अलावा ग्राम पंचायत देवली खेड़ा उर्फ जैनपुर विकास खंड सरूरपुर खुर्द, क्षेत्र पंचायत माछरा व जिला पंचायत के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डो) का भी आंशिक परिसीमन किया गया है। प्रस्तावित सूची का प्रकाशन संबंधित ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत के नोटिस बोर्ड पर कर दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक सिन्हा ने बताया कि परिसीमन में ग्राम पंचायत देवलीखेड़ा उर्फ जैनपुर में राजस्व ग्राम खेडी कला को शामिल करते हुए 15 निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डो) का निर्धारण किया गया है।
इसके साथ ही परिसीमन के उपरांत क्षेत्र पंचायत सरूरपुर खुर्द में वर्ष-15 के 85 निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डो) के सापेक्ष 65 निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डो) का निर्धारण किया गया है। क्षेत्र पंचायत माछरा में वर्ष-15 के 79 निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डो) के सापेक्ष 71 निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डो) का निर्धारण किया गया है। डीपीआरओ आलोक कुमार सिन्हा ने बताया कि ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों वार्डो की प्रस्तावित सूची के बारे में डीपीआरओ आफिस मेरठ व जिला पंचायत के निर्वाचन क्षेत्रों (वार्डो) की प्रस्तावित सूची के बारे में अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत मेरठ के कार्यालय में 26 तक आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती है। साथ ही 26 दिसंबर से चार जनवरी के मध्य डीएम की अध्यक्षता में गठित कमेटी आपत्तियों की सुनवाई कर निस्तारण करेगी। कमेटी में सीडीओ, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत व डीपीआरओ शामिल हैं।