वाह री पुलिस, लूटे थे 30 लाख और बरामद किए चार हजार, यह है पूरा मामला
बुलंदशहर में पुलिस ने चुपचाप लुटेरे को जेल भेज दिया पीड़ित से कोई बात नहीं कराई। शहर कोतवाली क्षेत्र के पेंट व्यापारी की मां को घायल कर लूट की थी।
बुलंदशहर, जेएनएन। शहर कोतवाली क्षेत्र के मेडिसिन मार्केट में पेंट व्यापारी के घर हुई लूट के मामले में पुलिस ने एक लुटेरे को गिरफ्तार करके चुपचाप जेल भेज दिया है। आरोपित से चार हजार 500 रुपये बरामद दिखाए हैं। दो लुटेरे अभी फरार बताए गए हैं। हैरत की बात यह है कि व्यापारी के घर से 30 लाख का माल लूटा गया था, लेकिन बरामद ना के बराबर दिखाई गई है। इस राजफाश पर पीड़ित व्यापारी ने सवाल खड़े किए गए हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि फरार लुटेरों के पास अधिक पैसा है। उन्हें पकड़ने की तलाश की जा रही है। मेडिसिन मार्केट निवासी पेंट व्यापारी पांच सितंबर को अपने किसी रिश्तेदार के यहां एक समारोह में गए थे। उनके साथ उनकी पत्नी और बच्चे भी थे। घर पर मां मीना बंसल अकेली थी। उसी समय तीन लुटेरे उनके घर में घुसे और लूटपाट करने लगे। बदमाशों का मां ने विरोध किया तो आरोपितों ने उसे लहूलुहान कर दिया। आरोप था कि घर में रखे लगभग 25 लाख के सोने चांदी के जेवरात और ढाई से तीन लाख रुपये कैश लूट लिया गया था। इसके अलावा अन्य सामान भी ले गए थे। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। जिसमें व्यापारी ने अतुल नाम के एक अपने जानकार को नामजद भी कराया था। अभी तक अतुल नहीं पकड़ा गया है। शहर कोतवाली प्रभारी दीक्षित त्यागी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर जहांगीराबाद के गांव डूंगरा जाट निवासी अनुज उर्फ पंकज पुत्र हरवीर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने अतुल और एक अन्य के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। पकड़े गए लुटेरे ने फरार आरोपितों के बारे में जानकारी होने से इन्कार कर दिया है। आरोपित से एक अंगूठी भी बरामद दिखाई गई है। व्यापारी पंकज बंसल का कहना है कि पुलिस का यह राजफाश गलत है। पुलिस ने लुटेरे से बात तक नहीं कराई और चुपचाप उसे जेल भेज दिया। व्यापारी को यह भी नहीं बताया गया कि आरोपित के साथ और कौन कौन थे। बता दें कि इस लूट की वारदात को लेकर शहर के व्यापारी सुरक्षा फोरम संगठन के पदाधिकारियों के बेहद गुस्सा था।