सरधना में मिले 30 संक्रमित, इंटर कालेज में 11 मरीज
कोरोना का संक्रमण शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी बुरी तरह से पांव पसारने लगा है।
मेरठ, जेएनएन। कोरोना का संक्रमण शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी बुरी तरह से पांव पसारने लगा है। शनिवार को अकेले सरधना से 30 संक्रमित मिले हैं। इनमें सेंट चार्ल्स इंटर कालेज से 11 लोग जांच में पाजिटिव पाए गए हैं जबकि हाता इशियान में 19 मरीजों के मिलने की जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी ने दी है। इनके अलावा शहर की अगर बात करें तो जयदेवी नगर में एक ही मकान से पांच मरीज संक्रमित हुए हैं। इनके अन्य कांटैक्ट्स की भी जांच की जा रही है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को अब कंटेनमेंट जोन को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए ताकि उन्हें पता चल सके कि किस क्षेत्र में संक्रमित ज्यादा है और आम जनता वहां न जाए।
तीन स्कूलों में 16 पाजिटिव: सेंट पैट्रिक्स एकेडमी के प्रिसिपल सहित तीन स्कूलों में 16 शिक्षक, कर्मचारी की कोविड रिपोर्ट पाजिटिव आई है। सेंट पैट्रिक्स एकेडमी में प्रिसिपल के अलावा दो शिक्षिकाएं व एक कोआर्डिनेटर हैं। सेंट थामस इंग्लिश मीडियम में एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और सेंट चार्ल्स गर्ल्स इंटर कालेज सरधना की शिक्षिका सहित 12 शिक्षकगण कोविड पाजिटिव पाए गए हैं। सभी स्कूलों में शेष शिक्षक-शिक्षकाओं व कर्मचारियों का टेस्ट कराने के साथ ही सैनिटाइजेशन कराते हुए दो दिन के लिए बंद रखने को कहा गया है।
कर्मचारी संक्रमित, इंटीग्रेटिड कंट्रोल रूम 24 घंटे के लिए बंद: जिला प्रशासन द्वारा कोरोना संक्रमण के दौरान आम जनता की सहायता के लिए एनआइसी भवन में संचालित इंटीग्रेटिड कंट्रोल रूम में शनिवार को संक्रमण का मामला सामने आया है। जिसके बाद कंट्रोल रूम को सैनिटाइज किया गया और 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। कंट्रोल रूम प्रभारी एडीएम वित्त सुभाषचंद्र प्रजापति ने बताया कि कंट्रोल रूम में विभिन्न विभागों के एक दर्ज से ज्यादा कर्मचारियों को तैनात किया गया है। पंचायत विभाग के कर्मचारी राजेंद्र दत्त शर्मा को परेशानी थी। उनकी जांच कराई गई थी। जांच में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद कंट्रोल रूम को 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है।