कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ के तीन पदों पर 16 को मतदान
उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रीयल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ की मेरठ शाखा की द्विवार्षिक चुनाव प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को नामांकन वापसी का दिन था।
मेरठ, जेएनएन। उत्तर प्रदेशीय मिनिस्ट्रीयल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ की मेरठ शाखा की द्विवार्षिक चुनाव प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को नामांकन वापसी का दिन था। अध्यक्ष और सचिव समेत कुल नौ पदों पर निर्वाचन होना है, जिसमें पांच पदों पर नामांकन के दौरान ही सहमति बन गई थी। शुक्रवार को सचिव पद पर भी निर्विरोध निर्वाचन की सहमति बना ली गई। अब अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष और आडिटर पद के लिए 16 जनवरी को मतदान होगा। चुनाव अधिकारी सुनेश कुमार ने बताया कि गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। शुक्रवार को सचिव पद पर चार में तीन लोगों ने नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद दीपक कौशिक को निर्विरोध सचिव निर्वाचित घोषित कर दिया गया। अध्यक्ष पद पर एक नामांकन वापसी के बाद अब चार प्रत्याशी गुलफाम अली, मुकेश कुमार, राजेश वर्मा और सीमा गोस्वामी मैदान में हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर भी एक नामांकन वापसी के बाद दो प्रत्याशी अनिल चौहान और शकील अहमद मैदान में हैं। वहीं आडिटर पद के लिए गजेंद्र भास्कर और नवीन कुमार सिंह के बीच चुनाव होगा। तीनों पदों के लिए मतदान 16 जनवरी को सुबह 10 से शाम चार बजे तक होगा। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर ईशांत सिंह, संयुक्त सचिव पद पर सुनीता, संगठन मंत्री राजेश रावड़ा, कोषाध्यक्ष पद पर सुमित अग्रवाल तथा सांस्कृतिक और क्रीड़ा मंत्री पद पर वरुण बंसल निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
मेरठ से फरार प्रेमी युगल रुड़की से बरामद
मेरठ से फरार प्रेमी युगल को सरधना थाना पुलिस ने रुड़की से बरामद किया। पूछताछ के बाद पुलिस युगल को साथ ले गई। मेरठ के सरधना निवासी एक महिला का एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसके चलते ही महिला अपने प्रेमी के साथ चार दिन पहले फरार हो गई थी। महिला के स्वजन ने सरधना थाने में प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। मेरठ की सरधना पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रेमी युगल फरार होकर रुड़की गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की शिवपुरम कालोनी में किराये का मकान लेकर रह रहा है। शुक्रवार दोपहर स्थानीय पुलिस की मदद से सरधना थाना पुलिस ने युगल को बरामद कर लिया। गंगनहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज मैनवाल ने बताया कि पुलिस टीम प्रेमी युगल को अपने साथ ले गई।