घर-घर गूंजे घंटे-घड़ियाल, मंदिरों में जय श्रीराम
चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि यानि बुधवार को जिले भर के सनातनी प
जागरण संवाददाता, मऊ : चैत्र मास के शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि यानि बुधवार को जिले भर के सनातनी परिवारों में नवरात्रि का अंतिम दिन व्रती लोगों ने वैदिक मंत्रों से हवन-यज्ञ कर जहां सिद्धिदात्री देवी मां की विशेष पूजा अर्चना किया, वहीं घी के दिए जलाकर धूमधाम से प्रभु श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया। देवी मंदिरों में पूरे दिन विशेष पूजा-अर्चना और हवन-यज्ञ के अनुष्ठान चलते रहे। श्रीरामजानकी मंदिरों में श्रीरामचरित मानस की ऋचाओं की अनुगूंज के साथ-साथ श्रद्धालुओं ने भजन कीर्तन किया।
शहर के शीतला माता धाम में विधिविधान से मां की पूजा अर्चना की गई। कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण के चलते मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या काफी कम रही, लेकिन मंदिर समितियों की तरफ सभी धार्मिक अनुष्ठान परंपरागत तरीके और वैदिक विधिविधान से ही किए गए। श्रीराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शहर के शीतला माता धाम में हवन यज्ञ के बाद प्रभु श्रीराम की भव्य आरती उतारी गई व श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इसके अलावा शहर के वनदेवी मंदिर में धूमधाम से हवन-यज्ञ के बाद प्रभु श्रीराम एवं माता सीता के वनदेवी रूप की आरती उतारी गई। मंदिर समिति की ओर से आए श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। कोविड के चलते सबसे ज्यादा अनुष्ठान लोगों ने अपने-अपने घरों पर ही किया। सनातन धर्मावलंबियों के हर घर से हवन के धुएं बाहर निकलकर आसपास के वातावरण व लोगों को आध्यात्मिक पवित्रता की अनुभूति कराते रहे। नवरात्रि की व्रती महिलाओं ने घरों में कलश पूजन एवं हवन के साथ मां सिद्धिदात्री देवी को मंगल गीतों के साथ भावभीनी विदाई दिया एवं देवी रूप में आई कन्याओं का पूजन कर व्रत का पारायण किया। कोपागंज के हिकमा ब्रह्मशक्ति पीठ पर आयोजित हवन-यज्ञ में आचार्य रामचंद्र त्रिपाठी ने प्रभु श्रीराम के जन्म की कथा सुनाई और लोगों से मर्यादित जीवन जीने का आह्वान किया। शीतला माता धाम में आयोजित प्रभु श्रीराम की आरती में घोसी विधायक विजय राजभर, भाजपा नेता भरत लाल राही, पुजारी दीपक महाराज आदि उपस्थित थे।
इनसेट :
मंदिरों पर रही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस प्रशासन की ओर से जिले के प्रमुख देवी मंदिरों एवं श्रीराम मंदिरों पर श्रद्धालुओं की उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस तैनात की गई थी। महिला पुलिस कर्मियों की भी ड्यूटी लगाई गई थी। हालांकि, कोविड-19 के चलते कहीं ज्यादा भीड़ नहीं लगी।