साड़ी के फंदे से झूली महिला, मौत
जागरण संवाददाता मधुबन (मऊ) स्थानीय थाना क्षेत्र के आदमपुर में बुधवार की दोपहर एक 24 वर्षी
जागरण संवाददाता, मधुबन (मऊ) : स्थानीय थाना क्षेत्र के आदमपुर में बुधवार की दोपहर एक 24 वर्षीय विवाहिता ने फंदे से झूल कर मौत को गले लगा लिया। घटना के समय महिला का पति घर से बाहर था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य खेत पर काम करने गए हुए थे। कुछ देर बाद घर लौटे परिजनों ने जब फंदे पर लटकी महिला को देखा तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। इसकी सूचना पुलिस को दी।
24 वर्षीय ममता यादव पत्नी देवेंद्र यादव की चार वर्ष पूर्व सन 2016 में शादी हुई थी। उनकी अभी कोई औलाद नहीं थी। इसको लेकर ममता हमेशा खोई-खोई रहती थी। बुधवार की सुबह उसका पति रोज की तरह अपने काम पर चला गया, जबकि उसकी सास शांता देवी एवं जेठ दोनों खेत पर काम करने चले गए। इसी बीच दोपहर करीब 12 बजे घर में अकेली ममता पहली मंजिल पर अपने कमरे की छत के हुक में साड़ी का फंदा लगाकर झूल गई। कुछ देर बाद खेत से लौटी सास एवं जेठ ने जब घर में आवाज लगाई तो कोई उत्तर नहीं मिला। जब दोनों ऊपरी तल के कमरे में गए तो वहां ममता को साड़ी के फंदे पर झूला देखा। जब इस घटना की जानकारी हुई तो ग्रामीण भी अवाक रह गए। सूचना पर महिला का पति भी भागे-भागे घर पहुंचा एवं कमरे में पत्नी के लटकते शव को देख कर बदहवास हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।