गांधी जयंती पर होंगे विविध आयोजन
अपर जिलाधिकारी केहरि सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गांधी जयंती के मद्देनजर बैठक हुई।
जागरण संवाददाता, मऊ : अपर जिलाधिकारी केहरि सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में गांधी जयंती के मद्देनजर बैठक हुई। अपर जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि गांधी जयंती के अवसर पर गांधीवादी जीवन दृष्टि का प्रसार, गांधी जी के जीवन में विभिन्न पहलुओं से आमजन को अवगत कराया जाएगा। मानवाधिकारों की सुरक्षा, निर्बल वर्ग उत्पीड़न समाप्त करने के प्रति शासन की प्रतिबद्धता से जन साधारण को अवगत कराने, साक्षरता एवं प्रौढ़ शिक्षा को बढ़ाने तथा छुआछूत के अभिशाप के उन्मूलन, महिलाओं की उन्नति, दहेज प्रथा समाप्त करने, स्वदेशी आंदोलन व धर्म निरपेक्षता के मूल भावनाओं पर प्रकाश डालने, पंचायती राज अधिनियम के उद्देश्यों, संभावनाओं पर प्रकाश डाले जाने तथा कार्य योजनाओं से जन साधारण को अवगत कराने, गांजी का ग्राम स्वराज्य अवधारणा के अनुसार गांव को आर्थिक रूप से आत्म निर्भर बनाने, मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया जाना है।
अपर जिलाधिकारी द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि इस दिन मलिन बस्तियों में सुबह छह बजे साफ-सफाई तथा शहर में सभी नगर पंचायतों में अधिशासी अधिकारी तथा सभी विकास खंडों के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा साफ-सफाई कराई जाएगी। निर्धारित समय सुबह आठ बजे कलेक्ट्रेट, विकास भवन, सभी तहसीलों, समस्त विकास खंडों सहित सभी सरकारी कार्यालयों पर झंडा फहराया जाना है। डा. भीमराव आंबेडकर स्पोर्टस स्टेडियम में हॉकी तथा रेस कराया जाएगा। सुबह नौ बजे डीएवी, नेशनल, सर्वोदय, शहीद इंटर कालेज सहित विभिन्न स्कूलों-कालेजों में वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित होगी तथा पुरस्कार वितरण कराया जाएगा। 9:15 बजे कलेक्ट्रेट परिसर एवं समस्त कार्यालय परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम हेतु श्रमदान समस्त अधिकारी-कर्मचारी द्वारा किया जाएगा। 10 बजे नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन संबंधित अधिकारियों द्वारा कराया जाएगा तथा समस्त विद्यालय परिसर में पौधारोपण डीएफओ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा कराया जाएगा। दोपहर 12 बजे कुष्ठ सेवा आश्रम इंदारा में बर्तन एवं फल तथा मिष्ठान का वितरण उप जिलाधिकारी द्वारा किया जाएगा। दोपहर 1.00 बजे क्षेत्रीय गांधी आश्रम मुहम्मदाबाद गोहना में चरखा से सूत कतवाने की प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम उप जिलाधिकारी द्वारा कराया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी गोहना, जिला क्रीड़ाधिकारी, मलेरिया विभाग, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी, समस्त नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।