अनियंत्रित ट्रैक्टर नहर में पलटा, चालक घायल
रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट रेलवे स्टेशन के समीप रविवार की सुबह ग्यारह बजे के करीब जोताई कर लौट रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जागरण संवाददाता, खुरहट (मऊ) : रानीपुर थाना क्षेत्र के खुरहट रेलवे स्टेशन के समीप रविवार की सुबह ग्यारह बजे के करीब जोताई कर लौट रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। करजौली गांव निवासी 18 वर्षीय अमन पुत्र संजय रविवार को खेत की जोताई करने गया था। खुरहट रेलवे स्टेशन के पास लगभग 11 बजे धर्मसीपुर मौजे से खेत की जोताई कर नहर के बैंक से होकर अपने घर करजौली जा रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर नहर में पलट गया। इसकी वजह से चालक अमन नीचे दब गया। संयोग अच्छा था कि अगल बगल के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को नहर में पलटते देख लिया। ग्रामीणों ने शोर मचाया तो जो जहां था वहीं से पलटे ट्रैक्टर की तरफ दौड़ पड़े। ट्रैक्टर को खड़ा कर अमन को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला और फातिमा हास्पिटल में भर्ती कराया।