जल्द ज्ञानवर्धक पुस्तकों से लैस होगा वलीदपुर का पुस्तकालय
जागरण संवाददाता मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) मुहम्मदाबाद गोहना सहित आस-पास के छात्र-छात्राओं व
जागरण संवाददाता, मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना सहित आस-पास के छात्र-छात्राओं व किताब प्रेमियों के लिए खुशखबरी है। जल्द ही नगर पंचायत वलीदपुर कार्यालय के समीप बने पुस्तकालय में ज्ञानवर्धक पुस्तकें उपलब्ध हो जाएंगी। इसके लिए नगर पंचायत प्रशासन द्वारा प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया गया है। आचार संहिता खत्म होते ही किताबों को खरीद कर पुस्तकालय भवन में रख दिया जाएगा। इसके बाद यहां छात्रों को पुस्तकों को पढ़ने की सुविधा मिल जाएगी।
इस भवन के निर्माण के लिए छह माह पूर्व साहित्यकार, इतिहासकार एवं अन्य पुरस्कारों से समय-समय पर सम्मानित तत्कालीन उपजिलाधिकारी डा. सीएल सोनकर द्वारा भवन निर्माण के लिए शिलापट्ट लगाकर उद्घाटन किया गया था। इसके बाद से ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था। अब पुस्तकालय का भवन पूरी तरह से बनकर तैयार हो गया है। इसकी रंगाई-पोताई का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। वलीदपुर नगर पंचायत सबसे घनी आबादी वाली नगर पंचायत है। यहां के छात्र-छात्राओं को बौद्धिक विकास के लिए कोई भी पुस्तकालय आदि नहीं था। शासन की पहल पर यहां पुस्तकालय खोलने की अनुमति दी गई और निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। बस यहां किताबों को रखा जाना है। पुस्तकालय में पठन-पाठन सामग्री की पूर्णता के लिए ग्रंथ, बड़े लेखकों व विचारकों की विविध विषयों की पुस्तकें मंगाकर स्टोर में रखे जाने की तैयारियां चल रही हैं। कार्यालय की मानें तो दैनिक पत्र, प्रादेशिक, राष्ट्रीय पत्रिकाओं का संकलन भी मंगाकर टेबिलों में लगाया जाना शुरू कर दिया गया है। इसे पाठक पढ़कर देश-विदेश के घटनाक्रमों की जानकारियां अर्जित कर रहे हैं। साथ ही अन्य जानकारियां भी यहां उपलब्ध पुस्तकों से मिल जा रही है। आगामी दिनों में छात्र-छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित जानकारियां तथा रोजगार संबंधी समाचार पुस्तकालय से प्राप्त हो सकेंगे हैं। नगर पंचायत कार्यालय परिसर में लाइब्रेरी भवन का निर्माण पूर्ण रूप से बहुत पहले तैयार हो चुका है। यहां पर विभिन्न प्रकार की पुस्तकें रखने के लिए नगर पंचायत की ओर से प्रस्ताव विभाग को भेजा जा चुका है। जहां जल्द ही ज्ञानवर्धक पुस्तकें रखी जाएंगी। इससे इस नगर के छात्र छात्राओं को पठन-पाठन में काफी सहूलियत मिलेंगी। आचार संहिता समाप्त होने के बाद इस लाइब्रेरी में रैक बनकर आ जाएगा। इसे यहां रख दिया जाएगा।
-नितेश गौरव,अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत वलीदपुर