नगर पंचायत का स्वच्छता पर रहा विशेष फोकस
नगर पंचायत स्थित दुधिया पोखरा उसुरी पोखरा के साथ आधा दर्जन जलाशयों पर छठ पर्व की व्रती महिलाओं ने भगवान भास्कर को अर्घ्य देते हुए कामना पुर्ण होने की मन्नत मांगी।
जासं, मधुबन (मऊ) : नगर पंचायत स्थित दुधिया पोखरा, उसुरी पोखरा के साथ आधा दर्जन जलाशयों पर छठ पर्व की व्रती महिलाओं ने भगवान भास्कर को अर्घ्य देते हुए कामना पूर्ण होने की मन्नत मांगी। इस दौरान नगर पंचायत के तरफ से साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया गया। अध्यक्ष माधुरी मद्धेशिया एवं प्रतिनिधि शंकर मद्धेशिया ने सभी जलाशयों पर व्रती महिलाओं के सुविधा के लिए घाटों की सफाई, बैठने के स्थान, लाइट की व्यवस्था आदि का खुद जायजा लिया। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर नगर पंचायत के वालंटियर जगह-जगह मुस्तैद रहे। मधुबन क्षेत्र के आध्यात्मिक मान्यताओं को संजोए हुए दुबारी के बीरा बाबा ब्रह्मस्थान स्थित जलाशय, घाघरा के तटवर्ती भूभाग, मर्यादपुर, सिपाह इब्राहिमाबाद, दरगाह, दुबारी आदि स्थानों पर स्थित जलाशयों पर छठ पर्व की व्रती महिलाओं की भीड़ जुटी रही। इस दौरान गाजे-बाजे के साथ ही छठ माता के गीतों से पूरा वातावरण भक्ति मय रहा।