योजनाओं को धरातल पर उतारना व समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता
प्रतिबद्धता.. - नवागत डीएम ने संभाला चार्ज, गिनाई प्राथमिकताएं - पहली बार मिला है डीएम का चार्ज, पड़ोस में रहे सीडीओ
जागरण संवाददाता, मऊ : 2008 बैच के आइएएस ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने जिलाधिकारी का चार्ज संभाल लिया। श्री त्रिपाठी को पहली बार जिले की कमान सौंपी गई है। नवागत जिलाधिकारी ने रविवार को कोषागार में 12:30 बजे कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय में वे पत्र प्रतिनिधियों से मुखातिब हुए। उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को धरातल पर उतारने तथा जनपद के समस्याओं का त्वरित निस्तारण को अपनी प्राथमिकता बताई।
शासन द्वारा शुक्रवार की देर रात बड़े पैमाने पर आइएएस का तबादला किया गया था। शासन द्वारा ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी को मऊ जिलाधिकारी के पद पर नियुक्त किया गया है। मूल रूप से जौनपुर के रहने वाले श्री त्रिपाठी को 2008 में आइएएस पद पर प्रमोशन हुआ। इसके बाद शासन द्वारा उन्हें लखनऊ विश्वविद्यालय में रजिस्ट्रार के पद पर तैनात किया गया। करीब तीन वर्ष व नौ माह तक उन्होंने रजिस्ट्रार का पद संभाला। इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी गाजीपुर, निदेशक महिला कल्याण, विशेष सचिव कृषि विभाग व सीईओ गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण जैसे पदों का सुशोभित किया। पहली बार शुक्रवार को शासन ने जिलाधिकारी का पद दिया। रविवार को जनपद में पहुंचे नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की प्रमुख समस्याओं को चिह्नित कराते हुए उनका निदान कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि शासन द्वारा चलाई जा रही जन कल्याण की योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने नकलविहिन यूपी बोर्ड परीक्षा की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान अपर जिलाधिकारी डीपी पाल, एसडीएम अनुप कुमार, एसओसी आलोक कुमार आदि मौजूद थे।