स्थापना के साथ ही जनपद के विकास में लग गए थे कल्पनाथ
जनपद का 32वां स्थापना दिवस मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने कृतज्ञतापूर्वक जनपद के संस्थापक पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्पनाथ राय को याद किया उनके चित्र पर माल्यार्पण कर शीश झुकाया तो उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों को गिनाया।
जागरण संवाददाता, मऊ : जनपद का 32वां स्थापना दिवस मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। लोगों ने कृतज्ञतापूर्वक जनपद के संस्थापक पूर्व केंद्रीय मंत्री कल्पनाथ राय को याद किया, उनके चित्र पर माल्यार्पण कर शीश झुकाया तो उनके द्वारा कराए गए विकास कार्यों को गिनाया।
जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी तथा कल्पनाथ राय स्मृति संस्थान के तत्वावधान में जनपद स्थापना दिवस तथा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जयंती समारोह हिदी भवन में आयोजित किया गया। इसमें लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व.इंदिरा गांधी एवं कल्पनाथ राय के चित्र पर माल्यार्पण किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष इंतखाब आलम एवं संचालन पूर्व जिलाध्यक्ष अवनीश कुमार सिंह ने किया। मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेश बहादुर सिंह ने कहा कि कल्पनाथ राय ने भगीरथ प्रयास से जनपद मऊ की स्थापना की और उसी दिन डीएम, एसपी नियुक्त करते हुए निर्माण और विकास की गंगा बहाना शुरू कर दिया। श्री राय ने जनपद की स्थापना का दिन पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इंदिरा गांधी जी के जन्मदिन के दिन को ही इसलिए चुना कि स्व. गांधी का घोसी लोकसभा से अटूट लगाव रहा। जिलाध्यक्ष इंतेखाब आलम ने कहा कि स्व.कल्पनाथ राय के द्वारा कराए गए निर्माण और विकास के बाद जनपद में आज तक कोई भी जनप्रतिनिधि न निर्माण का करा सका और न ही विकास। कार्यक्रम संयोजक पीसीसी सदस्य माधवेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि स्व.राय जनपद की स्थापना कराकर आज भी लोगों के दिलों में जीवित हैं। उन्होंने जिले का नाम कल्पानथ नगर और जिला चिकित्सालय का नाम भी स्व.राय के नाम पर रखने की मांग उठाई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अमरेशचंद्र पांडेय, घनश्याम सहाय, खालिद अंसारी, वीरेंद्र तिवारी, हरिकेश सिंह, संजय सिंह, सुभाष राम, कमलेश सिंह, अरुण सिंह, अनिल जायसवाल, सुशील चौधरी आदि थे।