कोहरा के बाद खिली धूप, मिली राहत
जागरण संवाददाता मऊ कई दिनों के बाद शुक्रवार को अलसुबह धूप खिली और मौसम खुशगवार हो
जागरण संवाददाता, मऊ : कई दिनों के बाद शुक्रवार को अलसुबह धूप खिली और मौसम खुशगवार हो गया। ठंड से परेशान लोगों को काफी राहत मिली। लोग धूप सेंकते नजर आए। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार व रविवार तक एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। रविवार को बूंदाबांदी के भी आसार बने हुए हैं। अगर ऐसा होता है तो दलहनी व तिलहनी फसलों पर विपरित असर पड़ेगा।
पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ के चलते रह-रहकर कई दिन बूंदाबांदी हुई। इसके साथ ही ओला भी पड़ा था जिससे कई दिनों तक भीषण शीतलहर का प्रकोप रहा। वहीं तिलहनी फसल पर भी इसका विपरित असर होता हुआ दिख रहा था। कहीं-कहीं माहू कीटों का प्रकोप भी बढ़ने लगा था। गुरुवार को फिर आसमान में बादल छा गए। दोपहर बाद ताजोपुर, कोपागंज, रानीपुर व मुहम्मदाबाद गोहना आदि कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी भी हुई। देर शाम को कोहरा भी पड़ा। जो शुक्रवार की अलसुबह तक छाया रहा लेकिन लगभग सुबह आठ बजे आसमान में भगवान भाष्कर चमकते दिखे और देखते ही देखते धरती पर धूप खिल गई। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार हवा का रूख भी बदलेगा। अभी तक पछुआ हवा चल रही थी पर एक-दो दिन में पुरवा हवा के चलने की संभावना है।