प्रकृति के दोहन का दुष्परिणाम भुगत रहा मानव
जागरण संवाददाता मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) रविवार को स्थानीय कस्बे के प्राचीन शिव मंदिर पर
जागरण संवाददाता, मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ) : रविवार को स्थानीय कस्बे के प्राचीन शिव मंदिर पर वैश्विक महामारी को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें लोगों को शारीरिक दूरी का पालन करने व कोरोना के प्रति जागरूक किया गया। मंदिर के पुजारी दीपक कुमार पाठक ने कहा कि प्रकृति ने मानव को सभी वस्तुएं प्रदान की है। ताकि वह किसी न किसी रूप में लाभान्वित होता रहे। आधुनिकता की दौड़ में इंसान प्राकृतिक संसाधनों को अनजाने में स्वयं खत्म कर रहे हैं। जीव-जंतु व वनस्पति तेजी के साथ खत्म हो रहीं है तथा उसका प्रभाव मानव जीवन पर पड़ रहा है। नतीजा सामने है। ग्लोबल वार्मिंग बढ़ रही है तथा ग्लेशियर भी पिघल रहे हैं। यदि समय रहते इसे संजीदगी से नहीं लिया गया तो मानव जीवन ज्यादा प्रभावित होगा। साथ ही साथ प्रकृति के विनाश के लिए इंसान जिम्मेदार है। तमाम पेड़-पौधे, जीव जंतु ऐसे हैं जो किसी न किसी रूप में मानव जीवन को फायदा पहुंचाते हैं। आप किसी धर्म या जाति से हो याद रखें अपने किसी भी त्योहार पर एक पौधा जरूर लगाएं और उसके संरक्षण का संकल्प लें। इस मौके पर समिति के लोगों ने रक्षाबंधन पर्व पर एक वृक्ष लगाने का संकल्प लिया। बैठक में समिति के अध्यक्ष संजीव कुमार गुप्ता, दिव्यांशु कुमार, हरिश्चंद जायसवाल, रितेश कुमार, कृष्ण कुमार गुप्ता, राजेश जायसवाल, किशोर कुमार आदि उपस्थित थे।