दुबारी को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की कवायद प्रारंभ
जनपद की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत दुबारी को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की कवायद तेज हो गई है। प्रदेश सरकार ने जिलाधिकारी के माध्यम से स्थानीय तहसील प्रशासन से रिपोर्ट मंगाई है।
जागरण संवाददाता, मधुबन (मऊ) : जनपद की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत दुबारी को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की कवायद तेज हो गई है। प्रदेश सरकार ने जिलाधिकारी के माध्यम से स्थानीय तहसील प्रशासन से रिपोर्ट मंगाई है। दुबारी को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से मांग की जा रही थी। इसका संज्ञान लेकर क्षेत्रीय विधायक प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान द्वारा शासन में पहल की गई थी।
क्षेत्र के मनपरवा निवासी भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह सहित उदयभान सिंह, विनोद गुप्त, मुन्ना पासवान, जयराम जायसवाल, रामविलास सिंह, एकबाल अहमद, दिनेश पांडेय ने दुबारी को नगर पंचायत बनाने के लिए जिलाधिकारी और कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान को मांग पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि 35 हजार की आबादी वाला दुबारी जनपद की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत है। इसमें दो बैंक, पोस्ट आफिस, जल निगम का ओवरहेड टैंक तथा कई विद्यालय हैं। इस ग्राम पंचायत की अधिसंख्य आबादी व्यापार व कुटीर उद्योग धंधा पर निर्भर है। ग्राम पंचायत का मुख्य मार्ग बलिया व देवरिया जनपद को जोड़ता है। ग्रामीणों की इस मांग का संज्ञान लेकर कैबिनेट मंत्री द्वारा मुख्यमंत्री से दुबारी को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की मांग की गई थी। इस परिप्रेक्ष्य में शासन ने दुबारी को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की कवायद प्रारंभ करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से स्थानीय तहसील प्रशासन से रिपोर्ट तलब किया है। शासन का पत्र मिलते ही तहसील प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इस बाबत कैबिनेट मंत्री के प्रतिनिधि शिवप्रकाश उपाध्याय व अभिषेक सिंह ने बताया कि नगर पंचायत बनने से दुबारी का चतुर्दिक विकास होगा।