गौशाला में अव्यवस्था देख सीडीओ ने दी चेतावनी
परदहा विकास खंड के रणवीरपुर गांव में स्थित अस्थाई गोवंश पशु आश्रय स्थल का मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान पशु आश्रय स्थल में गंदगी एवं अव्यवस्था देख सीडीओ ने सफाई कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी।
जागरण संवाददाता, नौसेमरघाट (मऊ) : परदहा विकास खंड के रणवीरपुर गांव में स्थित अस्थाई गोवंश पशु आश्रय स्थल का मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान पशु आश्रय स्थल में गंदगी एवं अव्यवस्था देख सीडीओ ने सफाई कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी। वहीं, पशुओं को केवल भूसा एवं पुवाल खिलाते पाए जाने पर उन्होंने खंड विकास अधिकारी रमेश यादव को हरे चारे का प्रबंध किए जाने का निर्देश दिया।
रणवीरपुर पशु आश्रय स्थल पहुंचे मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार ने सबसे पहले उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से पशुओं के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी लिया। वहीं, जिन पशुओं की टैगिग नहीं की गई थी उनकी टैगिग का कार्य शीघ्र पूरा किए जाने का निर्देश दिया। पशुओं को खिलाने के लिए रखे गए चारे का निरीक्षण करते हुए सीडीओ ने पाया कि चारे में केवल भूसा व पुआल दिया जा रहा है। चोकर की बोरियां भी मिलीं, जिसमें से एक बोरी खुली थी। हरा चारा न मिलने पर उन्होंने ग्राम प्रधान सुनील सिंह से इसके बारे में पूछताछ किया। ग्राम प्रधान सुनील सिंह ने बताया कि एक बीघा बरसीम बोई गई है। तैयार होते ही हरे चारे की उपलब्धता हो जाएगी। इसके बाद सीडीओ ने पशुओं के ठंड से बचाव के इंतजाम का अवलोकन किया और भीषण ठंड के दौरान सभी पशुओं को बोरों से ढकने का इंतजाम करने का निर्देश दिया। पशु आश्रय स्थल का क्षेत्रफल पशुओं की संख्या के मुताबिक कम होने के चलते उन्होंने उसका विस्तार करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर बीडीओ रमेश यादव, एडीओ कृषि हरिगोविद यादव, हरिमोहन सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी प्रदीप कुमार व राजेश कुमार उपस्थित थे।