कुष्ठ रोग के खात्मे के लिए आज से चलेगा अभियान
जागरण संवाददाता मऊ कुष्ठ जागरूकता अभियान से संबंधित सभी प्रपत्र गुरुवार को जिले के सभी ब्लाक
जागरण संवाददाता, मऊ : कुष्ठ जागरूकता अभियान से संबंधित सभी प्रपत्र गुरुवार को जिले के सभी ब्लाक पर पहुंचा दिए गए हैं। यह प्रपत्र शुक्रवार को ग्राम स्तर वितरित भी कर दिए जाएंगे। इन प्रपत्रों में कुष्ठ रोग जागरूकता संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। यह जानकारी देते हुए कुष्ठ रोग जिला परामर्श दाता डा. कृष्णा यादव ने बताया कि प्रपत्र में हाथ मिलाएं, कुष्ठ मिटाएं, जन-जन तक दे दो संदेश कुष्ठ रोग मुक्त हो देश-प्रदेश का नारा भी लिखा है। जन-जन के सहयोग की शक्ति से कुष्ठ मिटे हर बस्ती से, दाग चकत्ता सुन्न निशान कुष्ठ रोग की है पहचान। कुष्ठ रोग पाप नहीं यह कोई अभिशाप नहीं। जिलाधिकारी द्वारा सभी के लिए दिए गए और भी संदेश जो आगामी अभियान के दौरान पढ़े जाएंगे और बताएं जाएंगे। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. श्याम नारायण दुबे ने बताया कि इस रोग के संक्रमण का कारण रोगाणु या बैक्टीरिया जिसे माईकोबैक्टीरियम लेप्री कहा जाता है। कुष्ठ रोग का उपचार संभव है लेकिन इलाज में देरी होने से दिव्यांगता हो सकती है। जिला कुष्ठ रोग अधिकारी और नोडल डा. श्रवण कुमार ने बताया कि कुष्ठ रोगियों की पहचान बहुत ही आसान है। शरीर की चमड़ी पर हल्के रंग का समतल या उभरा हुआ चकत्ता, चमड़ी का वह भाग जिसमें सुन्नपन हो, हाथ पैर की नसों में मोटापा आदि पहचान है।
115 किशोरों से खान-पान व बीमारियों की ली जानकारियां
जागरण संवाददाता, मऊ : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन व जनपद न्यायाधीश रामेश्वर के निर्देशन में गुरुवार को सचिव कुंवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने बाल संप्रेक्षण गृह का वर्चुअल माध्यम से निरीक्षण किया। इस दौरान संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध 115 किशोरों के संदर्भ में उन्होंने खान-पान व बीमारियों के संबंध में पूछताछ किया। संप्रेक्षण गृह के प्रभारी अधिकारी जयप्रकाश ने बताया कि एक किशोरी टीबी रोग से पीड़ित है। संप्रेक्षण गृह में आने वाले प्रत्येक किशोर को 14 दिन के आइसोलेशन वार्ड में रखा जाता है। 15 से 18 वर्ष के सभी किशोरों का कोविड टीकाकरण किया जा चुका है। इस पर सचिव ने सभी को बेहतर भोजन, गर्म कपड़े, बिस्तर, मास्क, सैनिटाइजर आदि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही ऐसे किशोर जिनके पास अधिवक्ता नहीं हैं उन्हें निश्शुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मऊ में प्रार्थना पत्र प्रेषित करने का निर्देश दिया।