प्रवासियों की बसें पहले पहुंचेंगी जीवनराम छात्रावास के मैदान में
प्रवासी श्रमिकों का के जांच के लिए डीसीएसके व जीवनराम छात्रावास के मैदान में लगेंगे टेबल
जागरण संवाददाता, मऊ : विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रवासी श्रमिकों की बड़ी संख्या को लेकर प्रशासन रोज नई योजना बना रहा है। नई योजना के तहत अब प्रवासियों को लेकर जनपद में आने वाली सभी बसों को जीवनराम छात्रावास के मैदान में पहुंचना होगा। वहां सभी प्रवासियों की थर्मल स्कैनिग होगी। उनका ब्योरा इकट्ठा किया जाएगा। सबको भोजन-पानी और राशन दिया जाएगा। इसके बाद आवश्यक होने पर संस्थागत क्वारंटाइन सेंटर या होम क्वारंटाइन के लिए भेज दिया जाएगा। यह जानकारी डीएम ज्ञानप्रकाश त्रिपाठी ने शुक्रवार की शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि प्रतिदिन जनपद में गैर राज्यों से प्रवासियों की बड़ी तादाद आ रही है। अभी तक बसें विभिन्न स्थानों पर उन्हें उतारते हुए चली जाती थीं। इससे कई प्रवासियों की थर्मल स्कैनिग होने में समस्या आती थी। अब सभी बसों को जिले की सीमा में प्रवेश करने के बाद कहीं रुकने की बजाय सीधे मुख्यालय स्थित जीवनराम छात्रावास के मैदान आना होगा। यहीं सबकी जांच-पड़ताल होगी और उन्हें क्वारंटाइन किया जाएगा। प्रवासी श्रमिकों के स्वास्थ्य की जांच के बाद उनसे संबंधित आंकड़े एकत्र किए जाएंगे। इसके बाद उनके हाथों पर मुहर लगाकर उनके तहसीलों को रवाना किया जाएगा। अपने तहसील मुख्यालय पहुंचने पर तहसील प्रशासन द्वारा उन्हें राशन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि सूरत से शुक्रवार को आजमगढ़ पहुंची ट्रेन में जनपद के 456 लोग हैं। उन सभी लोगों को 18 बसों से यहां लाया जाएगा और पूरी प्रक्रिया से गुजारा जाएगा।