आठ लोगों के मकानों पर चलेगा बुलडोजर, ध्वस्त होगा अवैध निर्माण
जागरण संवाददाता वलीदपुर (मऊ) मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के करजौली व सेमरी गांव के आठ लो
जागरण संवाददाता, वलीदपुर (मऊ) : मुहम्मदाबाद गोहना तहसील के करजौली व सेमरी गांव के आठ लोगों के मकान ध्वस्त कराएं जाएंगे। इसके लिए तहसील प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों के यहां कब्जा बेदखली की नोटिस भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इसे लेकर भू-माफिया में खलबली मची हुई है।
अभी करजौली गांव में एक सप्ताह पूर्व उच्च न्यायालय प्रयागराज के आदेश पर तहसील प्रशासन ने चार लोगों का मकान ध्वस्त कर दिया था। अभी यह मामला पूरी तरह से ठंडा नहीं हुआ कि पुन: इसी गांव के पांच व सेमरी के तीन लोगों के मकान ढहाने की हरी झंडी प्रशासन को मिल गई है। करजौली के राजकिशोर चौहान, रामवृक्ष चौहान, रंजन चौहान, फेकू व राजेंद्र चौहान के मकान शामिल हैं। यह लाग सरकारी खोर पर दशकों पूर्व अपना मकान बना कर कब्जा जमा रखा है। कब्जा बेदखली को लेकर राजेंद्र चौहान ने हाईकोर्ट में एक जनहित याचिका दायर किया था। इसकी सुनवाई के बाद न्यायालय ने अवैध रूप से बने सभी के मकान गिराने का आदेश राजस्व विभाग को दिया है। इसमें शिकायतकर्ता का भी मकान शामिल है। इसके अलावा तहसील के सेमरी गांव के राजू, चंदन व अशोक समेत तीन लोगों ने अपना मकान नवीन परती पर बना लिया है। इन लोगों के विरुद्ध गांव के ही दूधनाथ ने तहसीलदार न्यायालय में कब्जा बेदखली को लेकर मुकदमा दायर किया था। इसकी सुनवाई के बाद तत्कालीन तहसीलदार ने कब्जा बेदखली का आदेश पारित किया है। इस संबंध में राजस्व निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि दोनों गांव में सरकारी जमीनों पर अवैध रूप से आठ लोगों ने अपना मकान बनवाया हुआ है। इन लोगों के मकान ध्वस्त करने के लिए कोर्ट द्वारा आदेश जारी हुआ है। इसके अनुपालन में सभी अतिक्रमणकारियों के यहां कब्जा बेदखली की नोटिस भेजी जा रही है। उनको एक सप्ताह के अंदर अपना कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित अवधि में यदि वह अपना कब्जा नहीं हटाते हैं तो पुलिस बल के साथ तहसील प्रशासन मकान गिराने की कार्रवाई पूरी करेगी।। कब्जा नहीं हटाने पर उनसे दंड वसूली भी की जाएगी।
---------------------
न्यायालय के अनुपालन में जिन लोगों ने सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण किया है, उनके खिलाफ कब्जा बेदखली की कार्रवाई जरूरी है। अभी हाल ही में करजौली में कुछ लोगों का मकान गिराया गया था। जल्द ही इन लोगों का मकान ध्वस्त करा दिया जाएगा।
-राहुल कुमार गुप्ता, तहसीलदार, मुहम्मदाबाद गोहना।