ग्रीनलैंड में बने अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
जागरण संवाददाता मऊ तमसा नदी के पेटे में बांध के किनारे की भूमि पर कब्जा करके लोगों द्व
जागरण संवाददाता, मऊ : तमसा नदी के पेटे में बांध के किनारे की भूमि पर कब्जा करके लोगों द्वारा कराए गए अवैध निर्माण पर अब प्रशासन की भृकुटि तन गई है। एक बार फिर ऐसे अवैध निर्माणों पर शनिवार को प्रशासन का बुलडोजर गरजा और दो-दो मंजिला दो भवन पूरी तरह से ढहाकर नेस्तनाबूद कर दिए गए। सिटी मजिस्ट्रेट जेएन सचान के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला दोपहर को कोतवाली थानांतर्गत तमसा तटबंध पर पहुंचा। उनके साथी काफी संख्या में पुलिस बल भी था। वहां सिटी मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में पूर्व से चिह्नित मलिक ताहिरपुरा निवासी फैयाज अहमद तुलसी व शमसाद अहमद के दो-दो मंजिला रिहायशी मकानों को बुलडोजर लगाकर ध्वस्त कर दिया गया। इन ढहाए गए मकानों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 3.00 करोड़ रुपये आंकी गई। इस संबंध में सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि दोनों मकान ग्रीन लैंड की जमीन पर बंधे के किनारे नदी की भूमि पर कब्जा करके बनाए गए थे। इन लोगों को पहले ही नोटिस दी गई थी। उसका मुकदमा चला, सुनवाई हुई। इस वाद की सुनवाई में निर्माण अवैध एवं ग्रीनलैंड की भूमि पर पाया गया। कब्जाधारकों को पुन: अपील के लिए एक महीने का समय दिया गया। उन्होंने अपील भी कि लेकिन उनका पक्ष खारिज हो गया। अंत में अवैध निर्माणों को ढहा दिया गया। इसी तरह बंधे के किनारे ही ग्रीनलैंड में बीते 28 अगस्त को नगर मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार ही सदर विधायक मुख्तार अंसारी गिरोह के रफीक उर्फ टाइगर उर्फ बाबू कसाई का अवैध स्लाटर हाउस भी ध्वस्त कर दिया गया था। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि ग्रीन लैंड जोन में बने अवैध निर्माणों को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया जाएगा। इसके पूर्व भी एक दिन में 17 अवैध अतिक्रमण वहां से हटाए गए थे तथा कई पक्के निर्माण तोड़े गए थे।