ब्राह्मणों ने किया शांति पाठ, दी शहीदों को श्रद्धांजलि
पुलवामा में हुए आत्मघाती हमले में शहीद हुए जवानों की आत्मा की शांति के लिए रविवार को क्षेत्र के मादी बाजार स्थित पंडित रामलखन शिक्षण संस्थान के परिसर में शांति पाठ का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, दोहरीघाट (मऊ) : पुलवामा में हुए आत्मघाती हमले में शहीद हुए जवानों की आत्मा की शांति के लिए रविवार को क्षेत्र के मादी बाजार स्थित पंडित रामलखन शिक्षण संस्थान के परिसर में शांति पाठ का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय ब्राह्मणोत्थान महासभा के तत्वावधान में जुटे ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रों का उच्चारण करते हुए शांति पाठ किया।
महासभा के राष्ट्रीय संयोजक डा. ओमप्रकाश पांडेय ने कहा कि सरकार को सिर्फ बाहरी दुश्मनों को ही नहीं, बल्कि देश के अंदर देशविरोधी क्रियाकलापों में संलिप्त लोगों का भी साफाया करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय ब्राह्मणोत्थान महासभा के माध्यम से समाज के लोगों को संगठित कर देश के प्रति उनके कर्तव्यों व देश के सैनिकों के प्रति उनकी भावनाओं को जागरूक किया जाएगा। संचालन करते हुए महेंद्र नाथ पुंडरीक ने कहा की ब्राह्मण समाज सदैव समाज का अगुवा रहा है और अब देश और अपने समाज की दशा को देखते हुए अपने समाज को एक माला में पिरोने का कार्य करना है। समाज को संस्कारित व सभ्य समाज बनाने की आवश्यकता है। बताया कि अखिल भारतिय ब्राह्मणोत्थान महासभा के तत्वावधान में आगामी 14 अप्रैल को 101 बटुकों का उपनयन संस्कार भी किया जाएगा। इसका नि:शुल्क आवेदन प्रारंभ हो गया है। रामाधीन पांडेय, सुरेश उपाध्याय, रामाशंकर मिश्र, चंद्रप्रकाश तिवारी, मधुसुदन शुक्ल, मार्कंडेय शुक्ल, धीरेंद्र पांडेय आदि ने भी अपने विचार रखे। मुख्य रूप से वायुनंदन मिश्र, अटल बिहारी मिश्र, गिरीश शुक्ल, रामउग्रह मिश्र, शंभूशरण शुक्ल, गिरिजाशंकर उपाध्याय, दुर्गा प्रसाद मिश्र, अमरेश उपाध्याय, चंद्रप्रकाश तिवारी, सुधांशु मोहन पांडेय, दिग्विजय शुक्ल, शचींद्र शुक्ल, ज्ञानीश शुक्ल, रामकृपाल शुक्ल, देवेश पांडेय आदि थे।