हैंड ग्लब्स, सैनिटाइजर व साबुन से लैस रहेंगे बूथ
जागरण संवाददाता मऊ कोरोना के बढ़ रहे मरीजों को देखते हुए शासन ने मतदान के दिन बूथ
जागरण संवाददाता, मऊ : कोरोना के बढ़ रहे मरीजों को देखते हुए शासन ने मतदान के दिन बूथों पर पूरी व्यवस्था करने का फरमान जारी कर दिया है। इसके तहत सभी बूथ हैंड ग्लब्स, मास्क, सैनिटाइजर व साबुन से लैस रहेंगे। बिना मास्क के कोई मतदाता बूथ पर मतदान नहीं दे पाएगा। यही नहीं शारीरिक दूरी का पालन भी कराया जाएगा। इसके लिए चाक से गोला बनाया जाएगा। गोले में खड़े रहकर ही मतदान कर्मी अपना मत दे सकेंगे। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन इसकी तैयारी में जुट गया है। जनपद में चौथे चरण 29 अप्रैल को 2130 बूथों पर मतदान होना है। 17 व 18 अप्रैल को नामांकन दाखिल किया जाना है। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम छह बजे तक चलेगा। ऐसे में शासन की तरफ से सभी बूथों पर मास्क, सैनिटाइजर, साबुन रखने को निर्देश दिया गया है। यही नहीं नामांकन के दिन भी रिटर्निंग आफिसर के कमरे में पूरी तरह से कोरोना गाइड लाइन का पालन करना है। यहां भी सैनिटाइजर व साबुन की व्यवस्था करनी है। इसे लेकर एडीएम केहरी सिंह के कार्यालय में आयोजित बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा. सतीश चंद्र सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया। वरिष्ठ कोषाधिकारी मनीष कुशवाहा व अपर सांख्यिकीय अधिकारी रजनीश कुमार सिंह को बूथों पर सारी व्यवस्था करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस प्रकार प्रत्येक नामांकन स्थल पर 10 लीटर, प्रशिक्षण स्थल पर 10 लीटर सैनिटाइजर रखा जाएगा। 2130 बूथों पर 2130 लीटर सैनिटाइजर रहेगा। मतगणना के दिन भी 09 लीटर सैनिटाइजर रखा जाएगा। इसके अलावा साबुन लिक्विड 2500 बोतल, फेस मास्क 12000, हैंड ग्लब्स 12000 की व्यवस्था की जा रही है। सभी मतदान कर्मी व पीठासीन अधिकारी को सारी व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। एडीएम केहरी सिंह ने कहा कि मतदान में पूरी तरह से कोविड-19 नियमों का पालन कराया जाएगा। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।