ग्रामीणों के विरोध पर बैरंग लौटे सहायक अभियंता रेलवे
रतनपुरा प्रखंड के धर्मागतपुर गांव में गेट नंबर 21सी के समीप बने अंडरब्रिज में जलभराव है। विभाग इस समस्या का निदान अभी तक नहीं कर पाया।
जागरण संवाददाता, रतनपुरा (मऊ) : क्षेत्र के धर्मागतपुर गांव में रेलवे के गेट नंबर 21सी के समीप बने अंडरब्रिज में जलभराव है। विभाग इस समस्या का निदान अभी तक नहीं कर पाया। इससे ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित है। दूसरे गुरुवार को सहायक अभियंता रेलवे पूरे दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसकी सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। इसके चलते सहायक अभियंता को बैरंग वापस लौटना पड़ा।
अंडरब्रिज पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाने के नाते ग्रामीणों का आवागमन पिछले एक माह से बाधित है। जब भी हल्की बारिश हो रही है अंडरब्रिज के नीचे इतना जलभराव हो जा रहा है कि लोगों को पैदल व साइकिल और दोपहिया वाहन से निकलना भी मुश्किल हो जा रहा है। इसकी सूचना रेलवे सुरक्षा बल को मिली तो वे लोग मौके पर निरीक्षण करने आए और अपने उच्चाधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया। यद्यपि अंडरब्रिज बन करके पूरी तरह से तैयार है परंतु उसके नीचे जलभराव एक बड़ी समस्या है। वहीं दूसरी तरफ सहायक अभियंता रेलवे विनोद कुमार श्रीवास्तव अपने गैंग के साथ गेट नंबर 21सी स्थाई रूप से बंद करने के लिए पहुंचे। तब तक इसकी भनक धर्मागतपुर गांव के नागरिकों को हो गई और सैकड़ों की संख्या में मौके पर पहुंच गए। सहायक अभियंता और उसके गैंग को इस कार्य को अंजाम देने से पहले ही रोक दिया। इसके साथ ही उच्चाधिकारियों से उन्होंने वार्तालाप किया। उच्चाधिकारी ने तीन दिन के भीतर जलभराव की समस्या दूर करने का निर्देश दिया। उधर अंडरब्रिज की सफाई करने पहुंचे फोजरी मशीन का पहिया भी सरिया के दायरे में आ गया। इसकी वजह से उसका टायर पंचर हो गया।