मुख्तार अंसारी के गिरोह का शस्त्र लाइसेंस निरस्त, पिस्टल जब्त
जागरण संवाददाता मऊ माफियाओं के विरुद्ध मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान छेड़ रखा है। पू
जागरण संवाददाता, मऊ : माफियाओं के विरुद्ध मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान छेड़ रखा है। पूरे प्रदेश में जहां बड़े-बड़े अपराधियों पर लगातार कार्रवाई हो रही है तो जनपद में सदर विधायक मुख्तार अंसारी का गिरोह आइएस-191 प्रशासन के निशाने पर है। विधायक के लेटर पैड पर जारी अवैध शस्त्र लाइसेंस के मामले में पंजाब के मोहाली रूपनगर जेल में बंद विधायक मुख्तार अंसारी को जहां प्रशासन लाने की तैयारी में है तो गिरोह के गुर्गे भी लगातार कार्रवाई की जद में हैं। बुधवार को विधायक के गिरोह से जुड़े नगर कोतवाली क्षेत्र के कासिमपुर निवासी जुल्फिकार के शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करते हुए पिस्टल को प्रशासन ने जब्त कर लिया है। आरोप है कि वह लाइसेंसी असलहे से सार्वजनिक स्थानों पर भय फैलाने का काम करता है।
पुलिस प्रशासन द्वारा संगठित अपराध व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक सुशील घुले की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी अमित सिंह बंसल ने कासिमपुर निवासी जुल्फिकार का शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिया। जुल्फिकार विधायक मुख्तार अंसारी गिरोह का नजदीकी है। पुलिस का मानना है कि वह शस्त्र को लेकर सार्वजनिक स्थान पर लहराता है तथा लोगों को भयाक्रांत करता है। इसकी गतिविधियां थाना क्षेत्र व आसपास के क्षेत्रों में कानून व्यवस्था के लिए घातक हैं। ऐसे में उसके द्वारा किसी भी समय अपराध करने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। उसके विरुद्ध नगर कोतवाली में अभियोग भी पंजीकृत है। विधायक मुख्तार अंसारी के गिरोह आइएस-191 के सिडिकेटों पर लगातार हो रही कार्रवाई से जनपद के समर्थकों में खलबली मची हुई है।