आक्रोशित किसानों ने धान क्रय केंद्र पर जड़ा ताला
स्थानीय धान क्रय केंद्र पर मंगलवार को धान की खरीद नहीं होने से नाराज किसानों ने तौल बंद कराने के साथ केंद्र पर ताला जड़ दिया। किसानों ने कहा कि क्रय केंद्र प्रभारी की नीतियों से किसान अपने टोकन नंबर के बावजूद भी क्रय केंद्र पर हफ्तों से ट्रैक्टर ट्राली लेकर इस सर्द मौसम में ठंड में रुकने को मजबूर हैं इससे निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप खरीदारी नहीं हो पा रही है।
जागरण संवाददाता, रतनपुरा (मऊ) : स्थानीय धान क्रय केंद्र पर मंगलवार को धान की खरीद नहीं होने से नाराज किसानों ने तौल बंद कराने के साथ केंद्र पर ताला जड़ दिया। किसानों ने कहा कि क्रय केंद्र प्रभारी की नीतियों से किसान अपने टोकन नंबर के बावजूद भी क्रय केंद्र पर हफ्तों से ट्रैक्टर ट्राली लेकर इस सर्द मौसम में ठंड में रुकने को मजबूर हैं, इससे निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप खरीदारी नहीं हो पा रही है। क्रय केंद्र पर हंगामे की खबर मिलते ही चौकी प्रभारी रतनपुरा रामचंद्र सिंह तत्काल सदल बल मौके पर पहुंचे और उन्होंने आक्रोशित किसानों को शांत करा ताला खोलवाकर तौल प्रारंभ कराया।
किसानों का कहना था कि टोकन व नंबर के अनुसार केंद्र पर आये थे परंतु एक सप्ताह बाद भी केंद्र प्रभारी भी कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पा रहे थे। कहा कि आज तक धान बेचने में इतनी बड़ी मुसीबत का सामना उन्हें कभी नहीं करना पड़ा था। जितना इस समय मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र प्रभारी की स्पष्ट नीति व नियत के अभाव में किसानों को दुश्वारियां झेलनी पड़ रही है। इसके प्रति संबंधित शासन प्रशासन भी कुछ नहीं कर रहा है।
एक तरफ उत्तर प्रदेश सरकार किसानों को हर संभव सुविधा व सहूलियत देने का वादा कर रही है। वहीं व्यापक अव्यवस्था को देखते हुए अधिकांश किसान को औने पौने दाम पर अपनी पैदावार बिचौलियों के हाथों बेचने को मजबूर हैं। केंद्र प्रभारी शासन को बदनाम करने की मंशा से किसानों के साथ लापरवाही पूर्ण आचरण कर रहे हैं।