पेड़ पर चढ़े युवक की करंट लगने से मौत
जागरण संवाददाता दोहरीघाट (मऊ) स्थानीय थाना क्षेत्र के कुसुम्हा चट्टी में बकरी के लिए गूलर
जागरण संवाददाता, दोहरीघाट (मऊ) : स्थानीय थाना क्षेत्र के कुसुम्हा चट्टी में बकरी के लिए गूलर के पेड़ पर चढ़कर पत्ते तोड़ रहा युवक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई। झोंटपुर तकिया निवासी 16 वर्षीय इमरान पुत्र हैदर अली कुसुम्हा चट्टी के पास सुबह दस बजे गूलर के पेड़ पर चढ़ कर बकरी को खिलाने के लिए पत्ते तोड़ रहा था। पेड़ के पास से ही 11 हजार वोल्ट का तार गुजरा था। सुबह हुई बारिश से पेड़ भींगा हुआ था। हवा के झोंके से पेड़ की डाल तारों से छू गई। इससे पेड़ में करंट उतर गया। करंट लगने से इमरान पेड़ पर ही झुलस गया। आनन फानन में स्थानीय लोगों ने दोहरीघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। जानकारी मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतक चार भाई थे। इसमें वह सबसे छोटा था। शव को पोस्टमार्टम हाउस नहीं भेजा गया था।