नागरिकों के लिए बेमानी है 34 लाख का अस्पताल
जागरण संवाददाता घोसी/दोहरीघाट (मऊ) गोठा में फरवरी 2019 में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री के
जागरण संवाददाता, घोसी/दोहरीघाट (मऊ) : गोठा में फरवरी 2019 में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 34 लाख सात हजार की लागत से निर्मित अस्पताल का लोकार्पण किया पर यह नागरिकों के लिए बेमानी साबित हो रहा है। अब तक बुनियादी सुविधाओं के अभाव में यह अस्पताल बस परामर्श केंद्र एवं टीकाकरण केंद्र बनकर रह गया है। यह अस्पताल महज सुबह से दोपहर बाद तक ही खुलता है।
तहसील की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत गोठा के पूर्वी सीवान में आठ अगस्त 2006 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने इस अस्पताल के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। कार्य प्रारंभ हुआ पर धनाभाव में ठप हो गया। सरकारें बदलती रहीं और निर्माण में विलंब होता गया। वर्ष 2012 में मुख्यमंत्री बने अखिलेश यादव ने धनराशि स्वीकृत किया पर निर्माण लागत राशि में वृद्धि होने के चलते एक बार फिर ब्रेक लग गया। बहरहाल भाजपा सरकार ने संशोधित प्राक्कलन के अनुसार धन स्वीकृत किया। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसका लोकार्पण करते हुए अवशेष कार्य शीघ्र पूरा किए जाने का दावा किया। इस सरकार का भी कार्यकाल भी पूरा होने को है पर आवासों में पेयजल एवं शौचालय की सुविधा न होने से कोई निवास नहीं करता है। इसके चलते यहां पर आपातकालीन सेवा की सुविधा नहीं है। अस्पताल परिसर में बरसात के दिनों में दो फीट पानी लगा रहता है। अस्पताल तक चकमार्ग तो है लेकिन वह अतिक्रमण का शिकार है। इसके चलते मरीज एवं तीमारदार कृषि मंडी से होकर कीचड़ भरे संकरे रास्ते से अस्पताल पहुंचते हैं।
समस्या अब संज्ञान में आई है। कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग से पत्राचार कर प्राक्कलन एवं टेंडर के अनुसार कार्य कराया जाएगा।
- डा. एसएन दूबे, मुख्य चिकित्साधिकारी मऊ।