स्वास्थ्य मेला में उमड़ी भीड़, 2129 लोगों का इलाज
जागरण संवाददाता मऊ कोविड-19 के प्रभाव में कमी को देखते हुए रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य
जागरण संवाददाता, मऊ : कोविड-19 के प्रभाव में कमी को देखते हुए रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया, जहां इलाज कराने के लिए मरीजों की कतार लगी रही। मरीजों का निश्शुल्क इलाज किया गया। सुबह नौ से शाम चार बजे तक 40 स्वास्थ्य केंद्रों पर 2129 मरीजों का उपचार किया गया। 108 मरीजों केा बेहतर इलाज के लिए जिला महिला अस्पताल व सदर अस्पताल रेफर किया गया।
मेले में प्रजनन, स्वास्थ्य सेवाओं के साथ गर्भवती, बाल, किशोर-किशोरी स्वास्थ्य से जुड़ी जांच पर खासा •ाोर रहा। नोडल अधिकारी डा. एसपी अग्रवाल ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले के 36 स्वास्थ्य उप केंद्र, चार पीएचसी में मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया गया। मेला कराने का उद्देश्य एक ही छत के नीचे लोगों को अधिकाधिक स्वास्थ्य सुविधाएं, जांच, उपचार और दवाएं आदि उपलब्ध कराना है।
हमारा प्रयास है कि इस मेले से अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हों। मेले में 136 मेडिकल अफसरों व 333 पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई। सभी ने अवकाश के दिन भी अपना कार्य निष्ठापूर्वक किया। इसमें दूर-दराज के इलाकों व मलिन बस्तियों में रहने वाले करीब 2129 शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को चिकित्सकीय लाभ दिया गया। इसमें 933 महिला, 991 पुरुष एवं 205 बच्चे शामिल हैं। 86 आयुष्मान गोल्डेन कार्ड बनाए गए। 108 मरीजों को रेफर किया गया।