जनपद में खाद्य पदार्थों के लिए गए 215 में से 133 नमूने फेल
कुछ रासायनिक खाद तथा कीटनाशकों के प्रभाव से तो कुछ मिलावटखोरों ।
जागरण संवाददाता, मऊ : कुछ रासायनिक खाद तथा कीटनाशकों के प्रभाव से तो कुछ मिलावटखोरों की दूषित मानसिकता और लालच से तिल-तिल कर जहर आदमी के शरीर में जा रहा है। इससे वह गंभीर बीमारियों का भी शिकार हो रहा है। अब होली का त्योहार नजदीक है। ऐसे में नकली खोवा सहित अन्य खाद्य कारोबारी अपना जाल बिछाना शुरू कर दिए हैं। ऐसे में सोच समझकर ही खाद्य सामग्री खरीदें। जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग की तरफ से लिए गए 215 नमूनों में से 133 नमूने फेल हो गए हैं। यह फेल नमूने जनपद के मिलावट कारोबार का जहां गवाह बन चुका है वहीं तमाम बीमारियों का संकेत भी दे रहा है। विभाग ने अब तक 120 कारोबारियों पर मुकदमें भी दर्ज कराएं हैं। अपर जिलाधिकारी के कार्यालय में अब तक इस तरह के 148 मुकदमों का निस्तारण किया जा चुका है। यही नहीं 41.86 लाख रुपये जुर्माना भी लगाया गया है।
कोर्ट में चल रहे हैं 120 मामलें ---अप्रैल 2020 से 28 फरवरी 2021 तक खाद्य विभाग की तरफ से 202 प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की गई है। इन प्रतिष्ठानों से 215 नमूने लिए गए हैं। 207 की रिपोर्ट लखनऊ लैब से मिल चुकी है। इसमें 133 नमूनों की रिपोर्ट मानक के अनुरूप नहीं मिली है। इसमें से 120 लोगों के विरुद्ध मुकदमा संबंधित थानों में दर्ज कराया गया है। इसमें 107 मुकदमे एडीएम कोर्ट तथा 13 मुकदमें सीजेएम कोर्ट में चल रहे हैं।
18.33 लाख जमा कराए गए
अब तक विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 18 लाख 33 हजार रुपये न्यायालय में जमा कराए जा चुके हैं। अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों से जुर्माना की राशि जमा कराने की प्रक्रिया चल रही है।
फेल हुए नमूनों की सूची
दूध के 31, खोवा के 06, दूध से बनी मिठाई 24, खाद्य तेल के 09, मसाला के 03, अनाज से बने उत्पाद के 04, दाल से बनी मिठाई के एक, बगैर दूध की मिठाई के 08, ब्रेकरी उत्पाद 10 व नमकीन 13। लाख कोशिश के बावजूद मिलावट दूर नहीं हो पा रही है। नमूने की जो रिपोर्ट आ रही है, वह आम जनता के लिए शुभ संकेत नहीं है।
-एसके तिवारी, अभिहीत अधिकारी मऊ।
खाद्य सुरक्षा टीम ने चार दुकानों पर की छापेमारी
घोसी (मऊ) : होली पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री अत्यधिक होने के चलते खाद्य सुरक्षा विभाग ने पांच दिनों के अंतराल पर तहसील क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कुल चार किराना की दुकानों पर दबिश देकर पांच सामग्रियों का नमूना लिया। टीम के सैंपल लिए जाने की सूचना मिलते ही तमाम दुकानों के शटर गिर गए।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज यादव, जयहिद राम, रामानंद एवं बिदू पांडेय ने स्थानीय नगर में सुपर मार्केट से टोस्ट एवं सत्तू का नमूना लेकर सील किया। यहीं पर सिटी सुपर मार्केट में दुकान पर संदिग्ध प्रतीत हो रहे पापड़ का सैंपल लिया। कोरौली में लक्ष्मी ट्रेडर्स प्रतिष्ठान पर टीम ने नमकीन का नमूना सील किया। कोरौली में ही टीम ने खूबलाल किराना स्टोर से चंचल कोल्हू तेल का नमूना सील किया। टीम ने दुकानदारों के समक्ष ही नमूने को सील कराने के साथ ही हस्ताक्षर भी लिया।